नागपुर. वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (वेकोलि) द्वारा 25 और 26 मार्च 2025 को नागपुर के होटल सेंटर पॉइंट, रामदासपेठ में “भारत में कोयला खदानों की सुरक्षा” विषय पर दो दिवसीय संगोष्ठी का आयोजन किया जा रहा है। इस संगोष्ठी में कोल इंडिया लिमिटेड और उसकी अनुषंगी कंपनियों के सुरक्षा, साइबर सुरक्षा और कानूनी विशेषज्ञों के साथ-साथ वेकोलि के अधिकारी भी शामिल होंगे। संगोष्ठी में सुरक्षा परिदृश्य, साइबर सुरक्षा, कानूनी और नियामक अनुपालन, सुरक्षा की सर्वोत्तम प्रथाएं, तथा तकनीकी रूप से उन्नत निगरानी प्रणाली जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सत्र आयोजित किए जाएंगे। इस कार्यक्रम में कोल इंडिया लिमिटेड के सीवीओ ब्रजेश कुमार त्रिपाठी, सीनियर एडवाइजर (सिक्यूरिटी) ए. के. पटेरिया, वेकोलि के सीवीओ अजय मधुकर म्हेत्रे, एवं अन्य अनुषंगी कंपनियों के महाप्रबंधक तथा विभागाध्यक्ष सुरक्षा संबंधी विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार साझा करेंगे। संगोष्ठी के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में वेकोलि के सीएमडी जे. पी. द्विवेदी उपस्थित रहेंगे, जबकि निदेशक (कार्मिक) डॉ. हेमंत शरद पांडे विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। साथ ही, कोल इंडिया लिमिटेड के चेयरमैन पी. एम. प्रसाद वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित करेंगे। यह संगोष्ठी कोयला खदानों की सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल होगी, जिसमें विशेषज्ञ अपने अनुभव साझा करेंगे और आधुनिक तकनीकों के जरिए सुरक्षा उपायों को और प्रभावी बनाने पर चर्चा होगी।










