नागपुर. वर्ष 1995 में माधव नेत्रपेठी के रूप में प्रारंभ हुई “संकल्प से सिद्धि” की यह यात्रा 2018 में गुड़ी पड़वा के शुभ अवसर पर माधव नेत्रालय सिटी सेंटर के माध्यम से अपनी सेवाएं प्रदान कर रही है। अब, माधव नेत्रालय का दूसरा सेवा प्रकल्प “माधव नेत्रालय प्रीमियम सेंटर” वासुदेव नगर, नागपुर में अपनी सेवाएं दे रहा है। पिछले दो वर्षों से यह केंद्र ओपीडी के माध्यम से मरीजों को नेत्र चिकित्सा उपलब्ध करा रहा है। अब इसके विस्तारीकरण की महत्वाकांक्षी योजना के तहत एक नए भवन का निर्माण किया जा रहा है। इस अवसर पर शिलान्यास समारोह रविवार, 30 मार्च, गुड़ी पड़वा को सुबह 10:00 बजे आयोजित किया गया है। इस ऐतिहासिक अवसर पर भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री आदरणीय नरेंद्र मोदी जी के कर कमलों द्वारा शिलान्यास संपन्न होगा। इस समारोह में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत, प.पू. स्वामी अवधेशानंद गिरि जी महाराज, प.पू. स्वामी गोविंद देव गिरि जी महाराज, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी मुख्य अतिथि के रूप में मंच पर उपस्थित रहेंगे। नया भवन 5.83 एकड़ क्षेत्रफल में बनाया जाएगा, जिसकी संरचना 5 लाख स्क्वेयर फीट में विस्तारित होगी। यह संस्थान 250 बेड की क्षमता वाला होगा, जिसमें 14 अत्याधुनिक ओपीडी और 14 मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर (OT) उपलब्ध होंगे। मध्य भारत के प्रतिष्ठित नेत्र चिकित्सा संस्थानों में से एक माधव नेत्रालय का उद्देश्य उच्चतम चिकित्सीय तकनीक के माध्यम से समाज के जरूरतमंद लोगों को न्यूनतम खर्चे में दृष्टिदोष निवारण की सेवाएं प्रदान करना है। इस भव्य परियोजना से नागपुर और आसपास के क्षेत्रों के हजारों नेत्र रोगियों को अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी। शिलान्यास समारोह एक भव्य आयोजन होगा, जिसमें विभिन्न गणमान्य व्यक्ति, चिकित्सा विशेषज्ञ और समाजसेवी भाग लेंगे। यह केंद्र नेत्र चिकित्सा के क्षेत्र में एक नई क्रांति लाने का कार्य करेगा और “सेवा ही संकल्प” के ध्येय को साकार करेगा।










