Nagpur. मकर संक्रांति के अवसर पर पतंगबाजी के दौरान नायलॉन मांझे से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए नागपुर शहर पुलिस और “आत्मस्पर्श चैरिटेबल ट्रस्ट” के संयुक्त प्रयास से दो दिवसीय जनजागरूकता अभियान का शुभारंभ आज, 14 जनवरी 2024 को दोपहर 12 बजे पुलिस आयुक्त डॉ. रवींद्र कुमार सिंगल द्वारा किया गया। इस अभियान में पुलिस और स्वयंसेवी संगठन के सदस्य मिलकर नागपुरवासियों को नायलॉन मांझे के दुष्परिणामों और इससे होने वाले खतरों के प्रति जागरूक करेंगे।इस अभियान का मुख्य उद्देश्य नायलॉन मांझे से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकना, पक्षियों और नागरिकों की सुरक्षा करना और पर्यावरण-अनुकूल पतंग उत्सव को बढ़ावा देना है। अभियान के तहत नागपुर पुलिस और आत्मस्पर्श चैरिटेबल ट्रस्ट के स्वयंसेवक शहर के प्रमुख चौकों और ट्रैफिक सिग्नलों पर तैनात रहेंगे। पुलिस अधिकारी नागरिकों से संवाद कर नायलॉन मांझे के खतरों और इसके इस्तेमाल से बचने के तरीकों की जानकारी देंगे। जागरूकता बढ़ाने के लिए जगह-जगह आकर्षक बैनर और संदेश प्रदर्शित किए जाएंगे।पुलिस आयुक्त डॉ. रवींद्र कुमार सिंगल ने नागपुरवासियों से अपील की है कि वे नायलॉन मांझे का उपयोग पूरी तरह बंद करें और पर्यावरण-अनुकूल विकल्प अपनाएं। उन्होंने कहा, “आपका एक छोटा सा प्रयास बड़े हादसों को रोक सकता है और असंख्य जीवों की रक्षा कर सकता है। सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल पतंगबाजी के लिए आगे आएं।”इस अभियान में आत्मस्पर्श चैरिटेबल ट्रस्ट की अध्यक्ष श्रीमती अभिरुचि पळसापुरे और सचिव श्री अभिनंदन पळसापुरे सहित अन्य सदस्य जागरूकता बढ़ाने में विशेष प्रयास करेंगे। वहीं, नागपुर पुलिस विभाग इस अभियान के सफल क्रियान्वयन और निगरानी में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। नागपुर पुलिस जनसंपर्क अधिकारी, सहायक पुलिस निरीक्षक अमोल दोंड ने नागरिकों से अपील की कि नायलॉन मांझे के खिलाफ इस मुहिम में सहभागी बनें और नागपुर शहर को सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल बनाने में सहयोग करें।











