नागपुर. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की दूरदृष्टि के तहत नागपुर में कई महत्वाकांक्षी परियोजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है। इन परियोजनाओं से रोजगार सृजन के साथ आर्थिक विकास को भी नई दिशा मिलेगी। इन परियोजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारने के लिए विभिन्न विभागों के बीच समन्वय और सरकारी कार्यों को समय पर पूरा करना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से नागपुर में मुंबई की तर्ज पर एक ‘वॉर रूम’ का गठन किया गया है। यह जानकारी जिलाधिकारी डॉ. विपिन इटनकर ने दी। जिलाधिकारी कार्यालय के छत्रपति शिवाजी महाराज सभागार में वॉर रूम को लेकर एक व्यापक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी डॉ. विपिन इटनकर ने की। बैठक में अपर जिलाधिकारी तुषार ठोंबरे सहित अन्य विभाग प्रमुख उपस्थित थे। बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि जिलाधिकारी कार्यालय द्वारा प्रस्तावित विकास कार्यों और योजनाओं के संबंध में कार्यान्वयन विभागों को निर्धारित प्रपत्र दिए जाएंगे। संबंधित विभागों को इन प्रपत्रों में परियोजनाओं की जानकारी भरनी होगी, जिसका हर चरण पर समीक्षा की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर इसके लिए एक अलग पोर्टल भी विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि वर्तमान में एनआईसी के पास कोई पोर्टल उपलब्ध है तो उसकी उपयोगिता का भी आकलन किया जाएगा। डॉ. इटनकर ने विभाग प्रमुखों को निर्देश दिया कि वॉर रूम के संचालन के लिए कार्य प्रणाली दो दिनों के भीतर तैयार की जाएगी और संबंधित विभाग प्रमुखों को उपलब्ध कराई जाएगी। इससे परियोजनाओं को तेजी से पूरा करने में मदद मिलेगी।










