मुंबई. महाराष्ट्र के आराध्य देवता छत्रपति शिवाजी महाराज का भारतीय जनता पार्टी ने एक बार फिर अपमान किया है। दो दिन पहले भाजपा नेता रावसाहेब दानवे ने खुद की तुलना छत्रपति शिवाजी महाराज से की, और आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने यह कहकर कि रामदास स्वामी ने छत्रपति के साथ युवाओं को खड़ा किया, यह दर्शाने का प्रयास किया कि रामदास स्वामी छत्रपति शिवाजी महाराज से बड़े थे। इस पर तीखा हमला करते हुए महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने भाजपा की आलोचना की। राज्य के तीव्र चुनाव प्रचार अभियान में जुटे नाना पटोले ने लातूर के गंजगोलाई क्षेत्र में एक सभा को संबोधित किया। इस सभा में पूर्व मंत्री अमित देशमुख, सांसद डॉ. शिवाजी कालगे, पूर्व सांसद सुधाकर शृंगारे, अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष वजाहत मिर्जा, पूर्व विधायक रामहरी रूपनवर, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्रीशैल्य उटगे, अडवोकेट किरण जाधव, फारुख शेख सहित महाविकास आघाड़ी के हजारों पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे। इस मौके पर नाना पटोले ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज ने स्वराज के लिए सभी जाति-धर्मों के मावलों की सेना खड़ी की, जिसमें मुस्लिम सहित सभी समुदायों के लोग शामिल थे। भाजपा जानबूझकर छत्रपति शिवाजी महाराज का अपमान करने का काम कर रही है। आम जनता के वास्तविक मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए भाजपा ऐसे कृत्य कर रही है। मराठवाड़ा में पानी का मुद्दा गंभीर है, लेकिन भाजपा-युति सरकार ने मराठवाड़ा वाटर ग्रिड का मुद्दा हल नहीं किया। महाविकास आघाड़ी की सरकार आते ही पहले मंत्रिमंडल बैठक में इस मुद्दे पर निर्णय लिया जाएगा। साथ ही लातूर जिले में सोयाबीन का एक केंद्र स्थापित किया जाएगा और शिवलिंग शिवाचार्य महाराज का स्मारक भी बनाया जाएगा, ऐसा आश्वासन नाना पटोले ने दिया। पूर्व मंत्री अमित देशमुख ने कहा कि यह महाराष्ट्र के स्वाभिमान की लड़ाई है जिसका नेतृत्व नाना पटोले कर रहे हैं। महायुति सरकार पर निशाना साधते हुए देशमुख ने कहा कि लातूर जिले के लिए महायुति सरकार ने कुछ भी काम नहीं किया है। जायकवाड़ी, माजलगांव, उजनी से पानी देने का केवल आश्वासन दिया गया, लेकिन पानी नहीं आया। भाजपा ने बाला साहेब ठाकरे, शरद पवार के घर तोड़े और कांग्रेस को भी तोड़ने की कोशिश की, लेकिन इसमें वह पूरी तरह सफल नहीं हो सके। महायुति सरकार ने महाराष्ट्र को लूटने का काम किया और भ्रष्ट लोगों को मंत्रीपद दिया। अब वक्त आ गया है कि महायुति के कलंकीत चेहरों को महाराष्ट्र की सत्ता से बाहर करें और विधानसभा चुनाव में महाविकास आघाड़ी को बहुमत से विजयी बनाएं, ऐसा आह्वान अमित देशमुख ने किया।











