Desk News. पुणे के पाषाण स्थित सी-डैक परिसर में केंद्रीय रेलवे, सूचना एवं प्रसारण, इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने व्हेगा प्रोसेसर चिप पर आधारित SoC ASIC और DIR V व्हेगा प्रोसेसर पर आधारित दो डेवेलपमेंट बोर्ड का अनावरण किया। इन डेवेलपमेंट बोर्ड्स को ARIES ECO और ARIES NOVA नाम दिया गया है। यह दोनों उत्पाद सी-डैक द्वारा डिज़ाइन और विकसित किए गए हैं।
ARIES ECO: यह उत्पाद खासतौर पर छात्रों के लिए उपयोगी है। यह प्लेटफॉर्म सेंसर फ्यूजन, स्मार्ट मीटर और वियरेबल डिवाइस जैसे अनुप्रयोगों के साथ प्रयोग के लिए एक सरल समाधान प्रदान करता है।
ARIES NOVA: यह एम्बेडेड कंप्यूटर सिस्टम के तेजी से विकसित होते क्षेत्र में शिक्षा, अनुसंधान और विकास के लिए एक उन्नत प्लेटफॉर्म प्रदान करता है।
THEJAS64: स्वदेशी 64-बिट व्हेगा आधारित चिप
कार्यक्रम में THEJAS64 नामक पहला स्वदेशी 64-बिट व्हेगा आधारित सिस्टम-ऑन-चिप (SoC) भी प्रस्तुत किया गया। इसे मजबूत और सुरक्षित एम्बेडेड अनुप्रयोगों के लिए डिज़ाइन किया गया है। यह उत्पाद भारत सरकार के डिजिटल इंडिया RISC-V (DIR-V) कार्यक्रम के तहत विकसित किया गया है।
सी-डैक ने व्हेगा श्रृंखला के तहत 32/64-बिट सिंगल, डुअल और क्वाड कोर सुपरस्केलर आउट-ऑफ-ऑर्डर हाई परफॉर्मेंस प्रोसेसर कोर विकसित किए हैं। यह सभी RISC-V इंस्ट्रक्शन सेट आर्किटेक्चर पर आधारित हैं। मुक्त-स्रोत RISC-V आर्किटेक्चर नवाचार और लचीलापन प्रदान करता है, जिससे एम्बेडेड सिस्टम में अनुसंधान और विकास को बढ़ावा मिलता है। कार्यक्रम के दौरान मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सी-डैक द्वारा आयोजित प्रदर्शनी का दौरा किया और अधिकारियों व वैज्ञानिकों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा, “2047 तक भारत को विकसित देश बनाने के लिए तकनीकी और कंप्यूटिंग विकास आवश्यक है, और इसमें सी-डैक की भूमिका बेहद अहम है।” मंत्री ने यह भी बताया कि आईआईटी मद्रास, आईआईएससी बेंगलुरु और आईआईटी गांधीनगर जैसे संस्थान सेमीकंडक्टर और कंप्यूटिंग क्षेत्र में बड़े पैमाने पर शोध कर रहे हैं। देश में 240 संस्थानों के पास चिप डिजाइनिंग के लिए उन्नत उपकरण मौजूद हैं, और सी-डैक इन संसाधनों के उपयोग को सुगम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। सी-डैक छात्रों के लिए एक प्रतिस्पर्धी चुनौती आयोजित करेगा, जिसमें सेमीकंडक्टर डिजाइन उपकरणों के उपयोग का प्रशिक्षण प्राप्त छात्र उद्योग की शीर्ष कंपनियों से जुड़ सकेंगे। इसके अलावा, छात्रों के लिए एक प्रमाणन पाठ्यक्रम भी शुरू किया जाएगा। कार्यक्रम में मंत्रालय के सचिव एस. कृष्णन, समूह उप समन्वयक सुनीता वर्मा, सी-डैक के महानिदेशक ई. मागेश और सी-डैक पुणे के केंद्र प्रमुख संजय वांढेकर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।










