नागपुर. महाराष्ट्र के स्कूल शिक्षा मंत्री दादा भुसे के नागपुर दौरे के दौरान युवा सेना के जिला प्रमुख निलेश तिघरे के नेतृत्व में युवा सेना के शिष्टमंडल ने उनसे मुलाकात की और नागपुर महानगर पालिका के तहत आने वाली सभी स्कूलों में C.B.S.E. पाठ्यक्रम लागू करने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। युवा सेना ने मंत्री महोदय को अवगत कराया कि नागपुर महानगर पालिका की कई स्कूलें बंद हो चुकी हैं, जबकि कुछ स्कूलों में बहुत कम संख्या में छात्र उपस्थित रहते हैं। कई नागरिक आर्थिक तंगी के कारण अपने बच्चों को प्राइवेट स्कूलों की महंगी फीस नहीं दिला सकते, इसलिए वे महानगर पालिका की स्कूलों में बच्चों का दाखिला करवाते हैं। ऐसे बच्चों का भविष्य उज्ज्वल बनाने के लिए युवा सेना ने C.B.S.E. पाठ्यक्रम शुरू करने की मांग की। युवा सेना का मानना है कि यदि नागपुर महानगर पालिका की स्कूलों में C.B.S.E. पाठ्यक्रम लागू किया जाता है, तो अधिक छात्र इन स्कूलों में प्रवेश लेंगे और शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार होगा। इस मांग को लेकर युवा सेना ने मंत्री दादा भुसे को ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर युवा सेना शहर प्रमुख सचिन यादव, सलमान खान, विधानसभा अध्यक्ष साहिल जैन, उपशहर प्रमुख सुमित लिल्हारे, विवेक वर्मा, सोशल मीडिया समन्वयक योगेश पौनिकर, राहुल निनावे, सोनू काटकर और दिनेश निमजे उपस्थित थे।










