नागपुर. महाराष्ट्र सरकार की मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत सामाजिक न्याय विभाग द्वारा नागपुर से 236 वरिष्ठ नागरिकों का एक दल विशेष रेलगाड़ी से बोधगया के लिए रवाना हुआ। आज रात नागपुर के मुख्य रेलवे स्टेशन से यह ट्रेन रवाना हुई। इस अवसर पर सांसद श्यामकुमार बर्वे, विधायक आशीष देशमुख, जिलाधिकारी डॉ. विपिन इटनकर, समाज कल्याण विभाग के प्रादेशिक उपायुक्त बाबासाहेब देशमुख और सहायक आयुक्त सुकेशिनी तेलगोटे ने हरी झंडी दिखाकर तीर्थयात्रियों को शुभकामनाएं दीं। रवानगी से पहले सामाजिक न्याय मंत्री संजय शिरसाठ ने फोन के जरिए सभी यात्रियों को शुभकामनाएं दीं। महाराष्ट्र सरकार की इस योजना के तहत 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को नि:शुल्क तीर्थयात्रा का लाभ दिया जाता है। सामाजिक न्याय एवं विशेष सहायता विभाग के माध्यम से इस योजना में नागपुर से बुजुर्गों का यह जत्था तीर्थयात्रा पर भेजा गया है।











