मुंबई. आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी पर 12 वर्षों बाद भारत का नाम अंकित होने पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भारतीय क्रिकेट टीम को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम ने सामूहिक भावना, जिद और मेहनत से क्रिकेट प्रेमियों के लिए अविस्मरणीय आनंद के क्षण प्रदान किए हैं, जो गर्व की बात है। मुख्यमंत्री फडणवीस ने विशेष रूप से भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा की सराहना की। उन्होंने कहा, “पूरी श्रृंखला में कप्तान रोहित शर्मा के नेतृत्व में भारतीय टीम ने शुरुआत से ही अपना दबदबा बनाए रखा और अंततः खिताबी जीत हासिल की। इस शानदार प्रदर्शन के लिए भारतीय टीम को प्रशंसा और गर्व का पात्र माना जाना चाहिए।” मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि क्रिकेट भारतीयों का जुनून है, लेकिन केवल भारत में ही नहीं, बल्कि दुनियाभर में भारतीय क्रिकेट टीम के प्रशंसक हैं। उनके लिए भी भारत की “यंग एंड एनर्जेटिक” टीम का संघर्ष रोमांचक रहा। भारतीय टीम ने जबर्दस्त जज्बे के साथ जीत हासिल कर क्रिकेट प्रेमियों को अविस्मरणीय क्षणों का साक्षी बनाया है। यह जीत दर्शनीय थी और क्रिकेट प्रेमियों के लिए हर्ष का अवसर था। मुख्यमंत्री फडणवीस ने भारतीय टीम के खिलाड़ियों, कोच, मार्गदर्शकों और सहयोगी स्टाफ को बधाई देते हुए कहा कि यह विजय हर क्रिकेट प्रेमी के लिए गर्व और आनंद का विषय है।










