Desk News. काटोल नरखेड के विकास के लिए कई कदम उठाए गए हैं और भविष्य में भी कई कार्य किए जाने हैं। कोरोना काल में की गई स्वास्थ्य व्यवस्थाएं, सिंचाई के लिए उपलब्ध करवाई गई सुविधाएं, किसानों के लिए किए गए आंदोलनों और सामान्य जनता के मुद्दों को उठाने का काम मैंने लगातार किया है। काटोल नरखेड के विकास के लिए मैं कटिबद्ध हूं और मेरा यह कार्य निरंतर जारी रहेगा, यह बात राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के शरद पवार गुट के काटोल विधानसभा क्षेत्र के उम्मीदवार सलील देशमुख ने बाजारगांव में आयोजित एक सभा में कही। सलील देशमुख ने बताया कि कोरोना महामारी के दौरान जब सभी अपने घरों में बंद थे, तब मैंने काटोल नरखेड के लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए दिन-रात एक कर दिया। आइसोलेशन सेंटर की व्यवस्था, आवश्यक दवाइयों और ऑक्सीजन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ मिलकर काम किया। वहीं, उन्होंने यह भी कहा कि आज जो लोग चुनावी प्रचार में घूम रहे हैं, वही लोग उस समय घरों में बंद थे। सलील देशमुख ने आगे कहा, “गृहमंत्री के तौर पर अनिल देशमुख ने महाराष्ट्र संभाला, जबकि इस क्षेत्र का एक सच्चा बेटा बनने के नाते मैंने हमेशा सामान्य लोगों की सेवा की।” उन्होंने किसानों के हालात पर भी चिंता व्यक्त की। “आज किसानों को उनकी उपज का सही मूल्य नहीं मिल रहा, पिक विमा और नुकसान भरपाई के नाम पर कोई मदद नहीं मिल रही। किसान की समस्याओं को लेकर मैंने कई आंदोलन किए और इस दौरान मुझे पुलिस ने गिरफ्तार भी किया। लेकिन मैं डरने वाला नहीं हूं, और किसानों के मुद्दों को उठाता रहूंगा,” सलील देशमुख ने कहा। इस अवसर पर सलील देशमुख के साथ कांग्रेस, शिवसेना और अन्य मित्र दलों के सहयोगी भी उपस्थित थे और उनका चुनाव प्रचार जोर-शोर से चल रहा था।











