नागपुर. अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मध्य रेल महिला कल्याण संगठन, नागपुर मंडल ने 7 और 8 मार्च को दो दिवसीय भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया। इस आयोजन का उद्देश्य महिलाओं के सशक्तिकरण, स्वास्थ्य, संस्कृति एवं सामुदायिक सहयोग को बढ़ावा देना था। 7 मार्च को कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय ध्वज फहराने से हुई, जिसे संगठन की अध्यक्ष दीपा गर्ग ने संपन्न किया। इसके बाद पर्यावरण संरक्षण को प्रोत्साहित करने के लिए वृक्षारोपण किया गया। कार्यक्रम के अगले चरण में योग शिविर आयोजित किया गया, जिसमें योग प्रशिक्षक सुधीर राजे, सुमा राजे और जयंत काटे के मार्गदर्शन में महिला रेल कर्मचारियों व अन्य प्रतिभागियों ने भाग लिया। इस योग सत्र ने स्वास्थ्य एवं मानसिक संतुलन को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। 8 मार्च को सातपुड़ा लैब, सिविल लाइन, नागपुर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें महिला रेल कर्मचारियों की उत्कृष्ट सेवाओं को सम्मानित किया गया। अध्यक्ष दीपा गर्ग ने 10 महिला कर्मचारियों को प्रमाणपत्र और उपहार प्रदान कर उनकी निष्ठा और समर्पण की सराहना की। इसके अलावा, कार्यक्रम में समूह गायन, कविता पाठ और भाषणों के माध्यम से महिलाओं की उपलब्धियों को उजागर किया गया, जिससे आत्मविश्वास और उत्साह का संचार हुआ। इस आयोजन में मध्य रेल महिला कल्याण संगठन के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारीगण और अन्य अतिथियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यक्रम ने महिलाओं के सशक्तिकरण को नई दिशा दी और भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रमों के आयोजन की प्रतिबद्धता दोहराई।










