नागपुर. अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) का जिज्ञासा आयाम पूरे देशभर में आयुर्वेद छात्रों को प्रशिक्षण देने के लिए कार्यरत है। इसी कड़ी में सेवा है यज्ञ कुंड समिधा सम हम जले की भावना के साथ नागपुर महानगर जिज्ञासा द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर हजारी पहाड़ बस्ती में नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर एवं सर्वाइकल कैंसर जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया. इस शिविर में बस्ती के 150 से अधिक स्थानीय नागरिकों ने स्वास्थ्य जांच का लाभ उठाया। साथ ही, इस सेवा कार्य को सफल बनाने के लिए 73 डॉक्टरों ने अपनी सेवाएं दीं. शिविर के माध्यम से ज़रूरतमंद लोगों को नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच और औषधियां प्रदान की गईं। महिलाओं के लिए विशेष रूप से ब्रेस्ट और सर्वाइकल कैंसर के प्रति जागरूकता अभियान चलाया गया, जिसे लोगों से अच्छा प्रतिसाद मिला। शिविर का उद्घाटन पंचकर्म विशेषज्ञ डॉ. गौतम जोगाड़ ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व नगरसेवक डॉ. परिणीता फुके, जिज्ञासा विदर्भ प्रांत संयोजक डॉ. सेजल पाटील, नागपुर विभाग संगठन मंत्री अमित पटले, महानगर जिज्ञासा संयोजक महेश अबुज एवं पश्चिम नागपुर जिला संयोजक गोविंदा पशीने उपस्थित रहे। इस शिविर को सफल बनाने में नागपुर के सभी आयुर्वेद महाविद्यालयों के छात्र एवं अभाविप कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई। इस कार्यक्रम की पूरी जानकारी नागपुर महानगर मीडिया संयोजक ऋत्विक डोंगरवार ने साझा की।










