नागपुर. उपराजधानी नागपुर के निवासियों को बुधवार दोपहर एक बड़ी राहत मिली, जब अचानक मौसम ने करवट ली और आसमान में बादल छा गए। तेज हवाओं के साथ हुई हल्की बारिश ने पिछले कई दिनों से गर्मी से परेशान लोगों को कुछ राहत दी।
पिछले चार दिनों से नागपुर सहित पूरे विदर्भ क्षेत्र में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ था। इस भीषण गर्मी के चलते लोगों का दिन में बाहर निकलना मुश्किल हो गया था। लेकिन बुधवार को दोपहर के बाद मौसम ने रुख बदला और तेज हवाओं के साथ सूर्य की तपिश कम हो गई। शाम चार बजे के बाद हल्की बारिश ने मौसम को सुहावना बना दिया। मौसम विभाग ने पहले ही नागपुर और विदर्भ के कुछ अन्य जिलों में 10 और 11 अप्रैल को बारिश की संभावना जताई थी। विभाग का कहना है कि यह बदलाव ज्यादा दिनों तक नहीं रहेगा और आने वाले 1-2 दिनों में फिर से गर्मी अपना असर दिखा सकती है। विदर्भ को वैसे भी अपनी भीषण गर्मी के लिए जाना जाता है। आमतौर पर मई-जून में यहां का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचता है, लेकिन इस बार अप्रैल में ही सूरज ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। अकोला जिला पिछले दो दिनों से 44 डिग्री तापमान के साथ सबसे गर्म रहा है, जबकि नागपुर का तापमान भी लगातार 40 डिग्री से ऊपर बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, तापमान में हो रही इस असमय बढ़ोतरी के कारण हल्की बारिश और तेज हवाओं की संभावना बनी हुई है। नागपुर के आसपास के जिलों में भी कुछ स्थानों पर बारिश दर्ज की गई है।
फिलहाल नागपुर वासियों को इस अनपेक्षित बारिश से राहत जरूर मिली है, लेकिन गर्मी का असली दौर अभी बाकी है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में तापमान के और बढ़ने की चेतावनी दी है।










