नागपुर/रामटेक. रामटेक की सांस्कृतिक धरोहर को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए एक व्यापक सांस्कृतिक महोत्सव की जरूरत थी। इसी दिशा में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पिछले साल इस महोत्सव की शुरुआत की थी। तीन दिनों तक चलने वाला यह महोत्सव यहां की सांस्कृतिक समृद्धि के साथ-साथ पर्यटन क्षेत्र को भी प्रोत्साहित करेगा। यह विश्वास राज्य मंत्री एड. आशीष जायसवाल ने व्यक्त किया। तीन दिवसीय पर्यटन और सांस्कृतिक महोत्सव का भव्य उद्घाटन एड. आशीष जायसवाल और पूर्व विधायक आनंद देशमुख ने दीप प्रज्वलन कर किया। इस मौके पर रामटेक के उपविभागीय अधिकारी प्रियेश महाजन, पर्यटन विभाग के उपसंचालक प्रशांत सवाई, जिला सूचना अधिकारी विनोद रापतवार, तहसीलदार रमेश कोलपे और मुख्याधिकारी नितिन लुंगे उपस्थित थे। राज्यमंत्री आशीष जायसवाल ने कहा, “पर्यटन क्षेत्र स्वरोजगार के लिए एक बड़ी संभावना है। रामटेक को आध्यात्मिक क्षेत्र के साथ-साथ प्राकृतिक संपदा का भी वरदान मिला है। यहां 400 साल पुराना श्रीराम मंदिर, 1200 साल पुरानी कपूर बावड़ी, पेंच व्याघ्र परियोजना और विशाल झीलें हैं, जो पर्यटन को बढ़ावा देने वाली हैं। महाराष्ट्र सरकार स्थानीय रोजगार को बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।” मुख्य कार्यक्रम का संचालन प्रसिद्ध अभिनेत्री सोनाली कुलकर्णी ने किया। पुनीत इस्सर द्वारा लिखित, निर्मित और निर्देशित नाटक “जय श्री राम – रामायण” की प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। 13 मूल साउंडट्रैक, अद्भुत सेट डिज़ाइन, लाइव बैकग्राउंड स्कोर, भव्य एलईडी, आकर्षक ऑडियो-वीडियो विज़ुअल्स, कथक नृत्य, लाइव एक्शन और फाइट सीन से भरपूर इस प्रस्तुति को दर्शकों से शानदार प्रतिक्रिया मिली। मुख्य भूमिकाओं में पुनीत इस्सर ने रावण, सिद्धांत इस्सर ने राम और विंदु दारा सिंह ने हनुमान की भूमिका निभाई। अयोध्या में रामलला की स्थापना के एक वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित इस महोत्सव में प्रसिद्ध भजन गायिका शहनाज़ अख्तर ने अपनी आवाज में भक्ति गीत प्रस्तुत किए।
उन्होंने “राम आयेंगे”, “मंगल भवन अमंगल”, “मैया अंबा देवी” जैसे भजन गाकर माहौल को भक्तिमय कर दिया। उन्होंने कहा कि बचपन से रामटेक आती रही हैं और प्रभु श्रीराम के आशीर्वाद से ही वह गायिका बनी हैं। महोत्सव के तहत आयोजित तैराकी प्रतियोगिता में 6 से 56 वर्ष की आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। नगर परिषद और पारुल एक्वेटिक कंसल्टेंसी द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्घाटन तहसीलदार रमेश कोलपे, मुख्याधिकारी नितिन लुंगे और अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में किया गया। विभिन्न आयु वर्गों में विजेताओं को सम्मानित किया गया।











