नागपुर. राष्ट्रसंत तुकड़ोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों को इंटरव्यू में सफलता पाने के लिए आवश्यक सॉफ्ट स्किल्स सिखाने के उद्देश्य से तीन दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्घाटन मंगलवार, 21 जनवरी को विश्वविद्यालय के गणित विभाग के रामानुजन सभागार में किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के प्रभारी कुलपति डॉ. राजेंद्र काकडे ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सॉफ्ट स्किल्स का विकास आज के समय में बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि किसी भी कंपनी में नौकरी पाने के लिए विद्यार्थियों को न केवल अपने शैक्षणिक ज्ञान में दक्ष होना चाहिए, बल्कि कौशल भी विकसित करना चाहिए। इस कार्यशाला का आयोजन विश्वविद्यालय के IQAC सेल और रोजगार व प्रशिक्षण विभाग ने मिलकर किया। बार्कलेज कंपनी के प्रशिक्षक श्री अजय द्विवेदी ने विद्यार्थियों को प्रशिक्षण दिया। इस मौके पर विज्ञान और तकनीकी संकाय के अधिष्ठाता डॉ. प्रशांत माहेश्वरी, IQAC निदेशक डॉ. स्मिता आचार्य और रोजगार एवं प्रशिक्षण अधिकारी डॉ. भूषण महाजन उपस्थित थे। डॉ. माहेश्वरी ने कहा कि नए राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) के तहत कौशल विकास पर जोर दिया गया है। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों को इंटरव्यू के दौरान उनके तकनीकी कौशल और व्यक्तित्व परखने के लिए सवाल पूछे जाते हैं। डॉ. स्मिता आचार्य ने कहा कि न केवल डिग्री बल्कि कौशल भी रोजगार पाने के लिए जरूरी है। कार्यशाला में 100% उपस्थिति सुनिश्चित करते हुए अधिक से अधिक ज्ञान प्राप्त करने की अपील की गई।
तीन दिवसीय कार्यशाला का कार्यक्रम
1. पहला दिन: इंटरव्यू स्किल्स
2. दूसरा दिन: कॉर्पोरेट इंटरव्यू की तैयारी
3. तीसरा दिन: समूह चर्चा और इंटरव्यू प्रैक्टिस
अलग-अलग विभागों में कार्यशालाओं का आयोजन
21 से 23 जनवरी: एमएससी के विद्यार्थियों के लिए गणित विभाग के रामानुजन सभागार में।
24 से 27 जनवरी: एमए के विद्यार्थियों के लिए राज्यशास्त्र विभाग के सभागार में।
28 से 30 जनवरी: एमबीए, एमकॉम और भूविज्ञान के विद्यार्थियों के लिए वाणिज्य एवं प्रबंधन विभाग के सभागार में।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. भूषण महाजन ने किया और अंत में धन्यवाद ज्ञापन भी उन्होंने दिया। आपसे अनुरोध है कि इस समाचार को अपने प्रतिष्ठित समाचार पत्र में प्रकाशित करें।











