नागपुर. गत सप्ताह नागपुर के गांधीबाग स्थित होलसेल कपड़ा मार्केट में एक साथ तीन दुकानों में चोरी की वारदात सामने आई। इस घटना को लेकर चेंबर के अध्यक्ष अर्जुनदास आहुजा, सचिव सचिन पुनियानी, दि होलसेल क्लॉथ एण्ड यार्न मर्चेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष नारायण तोष्णीवाल, सचिव प्रकाश थावरानी और व्यापारियों ने तहसील पुलिस स्टेशन में जाकर शिकायत दर्ज कराई। साथ ही स्थानीय पुलिस इंस्पेक्टर से चोरी के अपराधियों को शीघ्र पकड़े जाने की मांग की। चेंबर के अध्यक्ष अर्जुनदास आहुजा ने कहा कि व्यापारी मेहनत से काम कर परिवारों का भरण-पोषण करते हैं, साथ ही समय पर सरकारी टैक्स भी अदा करते हैं। लेकिन, इन दिनों व्यापारिक प्रतिष्ठानों में चोरी की घटनाएं बढ़ गई हैं। व्यापारियों पर हमले और लूटपाट की घटनाएं भी आम हो गई हैं। ऐसे में व्यापारियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं और इस पर पुलिस प्रशासन को गंभीर कदम उठाने की आवश्यकता है। चेंबर के सचिव सचिन पुनियानी ने गांधीबाग में निर्माण कार्य के चलते पार्किंग समस्या की ओर भी ध्यान आकर्षित किया और पुलिस प्रशासन से चोरों को पकड़ने की तत्काल कार्रवाई की अपील की ताकि व्यापारी वर्ग का पुलिस पर विश्वास बना रहे। साथ ही उन्होंने शहर के व्यस्त बाजारों में पार्किंग व्यवस्था सुधारने की भी मांग की। इस अवसर पर चेंबर के सदस्य सुशील झाम, राकेश गांधी, महेश कुकडेजा, मनोहरलाल आहुजा, राजकुमार गुप्ता, मनुभाई सोनी और अन्य व्यापारी उपस्थित थे। यह जानकारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से सहसचिव शब्बार शाकिर ने दी।










