नागपुर. दक्षिण नागपुर में धनशक्ति के खिलाफ जनशक्ति की लड़ाई है। अगर केवल पैसों के दम पर चुनाव जीते जाते, तो इस देश में टाटा और बिड़ला का ही शासन होता, और वही प्रधानमंत्री बनते। असल में जनता के बीच रहने वाला, उनके सुख-दुख में साथ देने वाला व्यक्ति ही जनता का प्रतिनिधि होता है। मोहन मते ने हमेशा अपना नहीं, बल्कि समाज का भला सोचा है। अब मोहन मते के पीछे 35 वर्षों की दोस्ती वाला यह देव भाऊ खड़ा है। उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने यह बात विरोधियों को चेतावनी के रूप में कही. भाजपा-शिवसेना महायुती के दक्षिण नागपुर से उम्मीदवार, विधायक मोहन मते के समर्थन में आयोजित एक जनसभा में फडणवीस ने कहा कि महायुती सरकार बेटियों की शिक्षा का संपूर्ण खर्च उठाएगी, इसलिए माता-पिता को चिंता करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा, “बेटियों के मामा मंत्रालय में बैठे हैं।” साथ ही, उन्होंने जनता से जाति-धर्म के भेदभाव को छोड़कर केवल विकास के लिए मतदान करने की अपील की। फडणवीस ने दक्षिण नागपुर में महायुती द्वारा किए गए सैकड़ों करोड़ के विकास कार्यों का जिक्र करते हुए जनता को उन पर ध्यान देने का आग्रह किया।










