Desk News. मध्य रेल, मुख्यालय, मुंबई छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस में दिनांक 18 सप्टेंबर को महाप्रबंधक धर्म वीर मीना की अध्यक्षता में क्षेत्रीय राजभाषा कार्यान्वयन समिति की 186वीं बैठक का आयोजन किया गया । बैठक में मध्य रेल के सभी प्रधान विभागाध्यक्षों, मंडल रेल प्रबंधक पुणे, सभी मंडलों के अपर मंडल रेल प्रबंधकों, मुख्य कारखाना प्रबंधकों आदि ने भाग लिया। बैठक की कार्यवाही प्रारंभ करने से पूर्व महाप्रबंधक जी द्वारा मुख्यालय राजभाषा विभाग द्वारा प्रत्येक तिमाही में प्रकाशित की जाने वाली ई-पत्रिका ‘रेल-सुरभि’ के अंक-38 का डिजिटल विमोचन किया गया । बैठक की कार्यवाही प्रारंभ करते हुए उप महाप्रबंधक (राजभाषा) डॉ. रोशनी खुबचंदानी ने सभी सदस्यों का स्वागत किया और बैठक की रूपरेखा संक्षेप में प्रस्तुत की। बैठक के अध्यक्ष श्री धर्म वीर मीना, महाप्रबंधक, मध्य रेल ने सभी सदस्यों से जनसंपर्क से जुड़ी मदों पर विभागीय निरीक्षणों के दौरान विशेष ध्यान देने तथा वेबसाइट पर सभी जानकारियां अंग्रेजी के साथ-साथ हिंदी में अपलोड करने की अपील की। बैठक को संबोधित करते हुए प्रधान मुख्य बिजली इंजीनियर तथा मुख्य राजभाषा अधिकारी नरेश पाल सिंह ने कहा कि इस बैठक के माध्यम से पिछली तिमाही में अलग-अलग कार्यालयों में हुई राजभाषा की प्रगति का जायज़ा लेने के लिए हम सब एकत्रित होते हैं। उन्होंने सभी सदस्यों से हिंदी कार्यशालाओं में प्रशिक्षित कर्मचारियों से प्रतिदिन थोड़ा-बहुत कार्य हिंदी में करवाने हेतु अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रेरित करने का आग्रह किया। बैठक की कार्यवाही के अगले चरण में उप महाप्रबंधक (राजभाषा) ने बैठक की कार्यसूची की विभिन्न मुद्दों पर सभी सदस्यों के साथ विस्तार से चर्चा की। चर्चा के दौरान महाप्रबंधक जी की अनुमति से मध्य रेल पर राजभाषा की उत्तरोत्तर प्रगति सुनिश्चित करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक के अंत में वरिष्ठ राजभाषा अधिकारी (मुख्यालय) दीपा मंद्यान ने सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया । इस अवसर पर प्रभाज रंजन, अपर महाप्रबंधक, मध्य रेल, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष और अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण भी उपस्थित थे।











