Desk News. भाजपा विधायक और पूर्व राज्यमंत्री सदाभाऊ खोत द्वारा राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रमुख शरद पवार के खिलाफ की गई अभद्र टिप्पणी पर कांग्रेस ने कड़ा विरोध जताया है। कांग्रेस कार्य समिति के सदस्य और महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष नसीम खान ने इस टिप्पणी को “महाराष्ट्र की राजनीतिक संस्कृति को कलंकित करने वाली” करार देते हुए कहा कि सदाभाऊ खोत का मानसिक संतुलन बिगड़ गया है। नसीम खान ने बयान में कहा कि महाराष्ट्र की राजनीतिक परंपरा हमेशा से विकास पर केंद्रित रही है। यशवंतराव चव्हाण और विलासराव देशमुख जैसे दिग्गज नेताओं ने राज्य को प्रगति के पथ पर अग्रसर करने का प्रयास किया और स्वस्थ राजनीतिक संवाद की परंपरा बनाई। उन्होंने कहा कि सदाभाऊ खोत जैसे लोग वरिष्ठ नेताओं पर बोलते समय मर्यादा का पालन नहीं करते, जो पूरी तरह से गलत है। खान ने यह भी चेतावनी दी कि आगामी विधानसभा चुनाव में जनता ऐसी प्रवृत्तियों को करारा जवाब देगी और उन्हें उनकी जगह दिखाएगी।










