नई दिल्ली. शिक्षा के क्षेत्र में अपना सम्पूर्ण जीवन समर्पित करने वाले शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास के संस्थापक अध्यक्ष और शिक्षा बचाओ आंदोलन के राष्ट्रीय संयोजक माननीय दीनानाथ बत्रा का निधन हो गया। उनके निधन का समाचार अत्यन्त दुःखद है। दीनानाथ बत्रा को एक आदर्श शिक्षक और उच्च कोटि के शिक्षाविद के रूप में जाना जाता था। दीनानाथ बत्रा ने शिक्षा के क्षेत्र में अमूल्य योगदान दिया, विशेषकर पाठ्यक्रमों में इतिहास की विकृतियों को दूर करने के लिए वे सतत् प्रयासरत रहे। उनकी यह प्रतिबद्धता और संघर्ष उन्हें शिक्षा क्षेत्र में एक प्रेरणास्रोत के रूप में स्थापित करता है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने उनके निधन पर शोक प्रकट किया है। संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत और सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की है कि उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें और सद्गति प्रदान करें। आरएसएस के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से भी उनके निधन पर शोक व्यक्त किया गया है।










