नागपुर, 11 अप्रैल: नागपुर शहर में नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों में से जो बंद या खराब हो गए हैं, उन्हें पुनः सक्रिय कर शहर की सड़कें, गलियाँ और सभी क्षेत्र सीसीटीवी निगरानी के दायरे में लाए जाएं, ऐसे निर्देश महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री एवं नागपुर जिले के पालक मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने दिए हैं। शुक्रवार को जिल्हा नियोजन भवन के सभागृह में नागपुर शहर एवं जिले के विभिन्न विषयों को लेकर पालक मंत्री बावनकुले ने समीक्षा बैठक ली। इस बैठक में पुलिस आयुक्त डॉ. रविंद्र कुमार सिंघल, मनपा आयुक्त तथा प्रशासक डॉ. अभिजीत चौधरी, जिलाधिकारी डॉ. विपीन इटनकर, मनपा उपायुक्त विनोद जाधव सहित पुलिस, मनपा और जिला प्रशासन के अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में शहर के सीसीटीवी कैमरों की स्थिति की समीक्षा की गई। इस दौरान मनपा आयुक्त डॉ. चौधरी ने बताया कि शहर में सुरक्षा के दृष्टिकोण से कुल 3600 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनमें से कुछ कैमरे तकनीकी खराबी के कारण बंद हैं। नागरिकों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है, और सुरक्षा व्यवस्था के लिए सीसीटीवी कैमरे बहुत सहायक सिद्ध हो रहे हैं। पालक मंत्री ने कहा कि सीसीटीवी प्रणाली को और अधिक आधुनिक बनाने की आवश्यकता है और इसके लिए फंड की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। शहर के सभी क्षेत्रों में नए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, और इस कार्य में ऐसे स्थानों का चयन किया जाए जिससे अधिक से अधिक क्षेत्र कवर हो सकें। आवश्यकता पड़ने पर निजी संपत्तियों में भी कैमरे लगाने के खंभे स्थापित किए जाएं और इसके लिए जनजागरूकता अभियान चलाया जाए। खराब पड़े कैमरों के संदर्भ में राज्य के सूचना एवं प्रौद्योगिकी मंत्री को पत्र भेजा जाएगा और जल्द ही ‘महा आईटी’ के अधिकारियों की बैठक भी ली जाएगी, ऐसा पालक मंत्री ने बताया। साथ ही, उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि नागरिकों के घरों में लगे सीसीटीवी की कनेक्टिविटी पुलिस विभाग से जोड़े जाने की संभावनाओं की भी जांच की जाए।










