नागपुर जिले में फर्टिलाइज़र कॉम्प्लेक्स की स्थापना को लेकर सावनेर-कलमेश्वर क्षेत्र के विधायक डॉ. आशीषराव देशमुख ने 10 अप्रैल को मुंबई में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की। इस बैठक में इस महत्त्वाकांक्षी परियोजना पर सकारात्मक चर्चा हुई। विधायक डॉ. देशमुख ने बताया कि ओडिशा तक जाने वाली प्राकृतिक गैस पाइपलाइन नागपुर से होकर गुजरती है। इसी पाइपलाइन के माध्यम से मिलने वाली गैस के आधार पर नागपुर जिले में केमिकल रिफाइनरी कॉम्प्लेक्स की स्थापना संभव है। इससे पहले भी मुख्यमंत्री से हुई भेंट में इस विषय पर चर्चा की गई थी। उन्होंने बताया कि भारत का सबसे बड़ा इंटीग्रेटेड फर्टिलाइज़र कॉम्प्लेक्स कलमेश्वर में स्थापित करने का उनका प्रयास जारी है। इस दिशा में केंद्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने भी सहयोग का आश्वासन दिया है। डॉ. देशमुख ने कहा, “इस परियोजना के माध्यम से यूरिया और कृषि में उपयोगी अन्य उत्पाद बनाए जा सकेंगे। इससे किसानों को वाजिब दर पर खाद उपलब्ध होगा और आर्थिक शोषण से उन्हें राहत मिलेगी।” उन्होंने आगे कहा, “इस प्रकार का प्रकल्प नागपुर में स्थापित होने से दोहरे लाभ होंगे – एक तो क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और दूसरा बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे। फर्टिलाइज़र कॉम्प्लेक्स के इर्द-गिर्द अन्य उद्योग भी विकसित होंगे, जिससे निवेश में वृद्धि होगी। नागपुर को कृषि और औद्योगिक विकास के एक प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जा सकता है। ग्रामीण क्षेत्रों में आत्मनिर्भरता और आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा, साथ ही महंगे खाद पर किसानों की निर्भरता भी कम होगी।” गैस अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (गेल) ने भी इस परियोजना में रुचि दिखाई है। डॉ. देशमुख ने आग्रह किया कि इस महत्त्वपूर्ण परियोजना के लिए आवश्यक कदम तुरंत उठाए जाएं ताकि विदर्भ और नागपुर जिले का विकास तेज़ी से हो और किसानों को लाभ तथा युवाओं को रोजगार मिल सके। मुख्यमंत्री श्री देवेंद्र फडणवीस ने इस परियोजना के लिए जल्द आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया और अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश भी दिए। इस अवसर पर राजीव सिंघल (डायरेक्टर, बीडी), प्रवीण कुमार श्रीवास्तव (एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर), आनंद कापरे (जनरल मैनेजर, गेल), डॉ. पी. अंबालागन (सचिव, उद्योग विभाग) सहित कई गणमान्य उपस्थित थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री को एक संबंधित निवेदन पत्र भी सौंपा गया।










