ठाणे: महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी शहर से शनिवार सुबह एक हृदय विदारक घटना सामने आई है. फेनेपाड़ा इलाके में एक 32 वर्षीय महिला और उसकी तीन मासूम बेटियों ने आत्महत्या कर ली. चारों के शव कमरे में पंखे से लटके हुए मिले. पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान पुनीता लालजी भारती (32) और उनकी बेटियों नंदिनी (12), नेहा (7) और अनु (4) के रूप में की गई है.दरअसल, घटना का खुलासा तब हुआ जब महिला का पति पावरलूम यूनिट से रात की शिफ्ट पूरी कर शनिवार सुबह करीब 9 बजे घर लौटा. उसने जब दरवाजा खटखटाया तो कोई जवाब नहीं मिला. खिड़की से झांकने पर वह दंग रह गया. उसकी पत्नी और तीनों बेटियां फंदे से लटकी हुई थीं. उसने तुरंत शोर मचाया, जिसके बाद पड़ोसी इकट्ठा हुए और पुलिस को सूचना दी गई.मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लिया और घर की तलाशी के दौरान एक सुसाइड नोट बरामद किया, जो कथित रूप से महिला ने लिखा था. उसमें लिखा था कि इन मौतों के लिए किसी को जिम्मेदार न ठहराया जाए. फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है. आत्महत्या के पीछे की वजह साफ नहीं हो सकी है. शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भिवंडी के सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है.










