Desk news. महाराष्ट्र में महाविकास अघाड़ी (एमवीए) के विधायकों ने आज राज्यपाल सी. पी. राधाकृष्णन से मुलाकात कर विधानपरिषद और विधानसभा के कामकाज को लेकर अपनी शिकायतें दर्ज कराईं। एमवीए नेताओं का आरोप है कि विधानसभा अध्यक्ष और विधानपरिषद सभापति सत्तारूढ़ दल का पक्ष ले रहे हैं और नियमों का उल्लंघन कर कार्यवाही चला रहे हैं। महाविकास अघाड़ी के नेताओं ने राज्यपाल को सौंपे गए ज्ञापन में कहा कि संसदीय लोकतंत्र में विपक्ष की भूमिका केवल सरकार का विरोध करना नहीं, बल्कि उसकी नीतियों पर नजर रखना और आवश्यकतानुसार आलोचना करना होती है। लेकिन महाराष्ट्र में विपक्ष को नजरअंदाज कर पक्षपाती और एकतरफा तरीके से सदन की कार्यवाही चलाई जा रही है, जो संसदीय परंपराओं के खिलाफ है। राज्यपाल से मुलाकात करने वाले महाविकास अघाड़ी के नेताओं में प्रमुख रूप से शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता आदित्य ठाकरे, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) के प्रदेश अध्यक्ष जयंत पाटील, कांग्रेस के विधायक दल नेता विजय वडेट्टीवार और नाना पटोले शामिल थे। इनके साथ अनिल परब, भास्कर जाधव, भाई जगताप, जितेंद्र आव्हाड, सुनील राउत, सचिन अहिर, अजय चौधरी, अभिजीत वंजारी, सिद्धार्थ खरात और अन्य नेता भी मौजूद थे. महाविकास अघाड़ी ने राज्यपाल से अपील की कि वह इस मामले में हस्तक्षेप करें और सदन में निष्पक्ष कार्यवाही सुनिश्चित करें।










