नागपुर. मध्य रेल, नागपुर मंडल के तहत नागपुर यार्ड के इटारसी छोर की ओर स्थित आर्च ब्रिज नंबर 1042/1 (837/1) की मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। यह पुल 2×3.05 मीटर स्पैन वाला है, जिसका क्राउन नागपुर स्टेशन की ओर क्षतिग्रस्त हो चुका है। इस वजह से ट्रैक की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है। पुल में पहली बार क्षति के संकेत वर्ष 2018 में मिले थे, जिसके कारण नागपुर छोर पर ट्रैक में धंसाव हुआ था। तात्कालिक रूप से रेल और क्रॉस रेल लगाकर अस्थायी समाधान किया गया। हालांकि, 23 सितंबर 2023 को हुई भारी बारिश ने समस्या को और बढ़ा दिया। बारिश के चलते पुल के ऊपर और ट्रैक के नीचे की मिट्टी बह गई, जिससे कुशन की कमी के कारण ट्रैक के पैरामीटर प्रभावित हुए। अस्थायी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावित ट्रैक के नीचे रेल क्लस्टर लगाया गया है। अब पुल की मरम्मत का कार्य प्रगति पर है। एक स्पैन की मरम्मत के लिए पहले ही सीमेंट प्रेशर ग्राउटिंग और पॉइंटिंग का कार्य पूरा किया जा चुका है। शेष क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत का कार्य तेज़ गति से किया जा रहा है ताकि मुख्य लाइन पर ट्रेन संचालन की सुरक्षा और विश्वसनीयता को सुनिश्चित किया जा सके। मध्य रेल ने यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए मरम्मत कार्य को शीघ्र पूरा करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। यात्रियों से अनुरोध है कि वे इस कार्य में सहयोग करें ताकि सुगम और सुरक्षित ट्रेन सेवाओं को बनाए रखा जा सके।











