नागपुर. मशहूर शेफ विष्णु मनोहर के “मास्टर रेसिपी” फेसबुक अकाउंट को हैक कर लिया गया है। हैकर्स ने अकाउंट से अश्लील वीडियो पोस्ट करना शुरू कर दिया, जिससे उनके चाहने वालों में नाराजगी और चिंता फैल गई है। इस घटना के बाद विष्णु मनोहर ने तुरंत साइबर क्राइम विभाग और फेसबुक प्रशासन से शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने सोमवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में मीडिया को इस बारे में जानकारी दी। विष्णु मनोहर पिछले 35 सालों से पाककला के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उनका “मास्टर रेसिपी” नाम से एक यूट्यूब चैनल भी है, जहां वे मराठी व्यंजन बनाने की विधियां साझा करते हैं। इसके अलावा, फेसबुक पर भी उनका एक पेज है, जहां वे अपने वीडियो पोस्ट करते हैं। उन्होंने बताया कि इस प्लेटफॉर्म को शुरू करने का उद्देश्य मराठी व्यंजनों को लोकप्रिय बनाना और लोगों तक पहुंचाना है। इसमें कोई आर्थिक लाभ नहीं होता, बल्कि यह सिर्फ मराठी खाद्य संस्कृति के प्रचार-प्रसार के लिए बनाया गया है। विष्णु मनोहर ने कहा, “यह पहली बार नहीं हुआ है। इससे पहले भी हमारा अकाउंट हैक करने की कोशिश की गई थी, लेकिन हमने समय रहते इसे ठीक कर लिया था। लेकिन इस बार भी ऐसा ही हुआ है, जिससे मेरे फॉलोअर्स और चाहने वालों को परेशानी हो रही है।” उन्होंने अपने प्रशंसकों से अपील की कि कोई भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और अगर कोई अश्लील पोस्ट दिखे तो तुरंत रिपोर्ट करें। साथ ही, उन्होंने कहा कि लोग इस मामले में फेसबुक को शिकायत दर्ज कराएं ताकि अकाउंट को जल्द से जल्द सुरक्षित किया जा सके। उन्होंने आगे कहा, “कृपया घबराएं नहीं, न ही कोई गलत कदम उठाएं। आपकी मदद की जरूरत है तो ‘हेल्प मास्टर रेसिपी’ में जाकर कंप्लेंट करें।”










