Nagpur. विधानसभा के बजट सत्र के दौरान आधा घंटा चर्चा के माध्यम से विधायक प्रवीन दटके ने नागपुर जिला अस्पताल का मुद्दा सदन में उठाया। मानकापुर क्षेत्र में इस जिला अस्पताल को वर्ष 2012 में मंजूरी मिली थी। वर्ष 2018 में इसके निर्माण के लिए वर्क ऑर्डर दिया गया, लेकिन आज 13 साल बीत जाने के बाद भी यह अस्पताल चालू नहीं हुआ है। यह गंभीर विषय है, जिसे विधायक दटके ने सदन का ध्यान आकर्षित करते हुए उठाया। इस अस्पताल के लिए आवश्यक पदों की मंजूरी सरकार ने दे दी है, लेकिन अब तक भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं हुई। 113 प्रकार की मशीनों की खरीदारी को भी मंजूरी मिल चुकी है, लेकिन अभी तक केवल 22 मशीनें ही खरीदी गई हैं। लॉन्ड्री, किचन जैसी सेवाओं के लिए आउटसोर्सिंग का प्रस्ताव सरकार के पास लंबित है, जिसे जल्द मंजूरी देने की मांग विधायक प्रवीन दटके ने की। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए माननीय सार्वजनिक स्वास्थ्य राज्य मंत्री मेघना बोर्डीकर ने आश्वासन दिया कि आने वाले तीन महीनों में यह अस्पताल शुरू कर दिया जाएगा। साथ ही, माननीय स्वास्थ्य मंत्री प्रकाश आबिटकर के साथ नागपुर जिला अस्पताल का दौरा करने का भी आश्वासन दिया।










