नागपुर. दत्ताभाऊ मेघे ने न केवल राजनीति बल्कि शिक्षा क्षेत्र में भी उत्कृष्ट कार्य किया है। समाज के उपेक्षित वर्ग की सेवा का संकल्प लेकर उन्होंने अपना जीवन जिया और सचमुच शून्य से विश्व निर्माण किया। ये विचार केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी ने व्यक्त किए। ज्येष्ठ नागरिक प्रतिष्ठान की ओर से वरिष्ठ नेता दत्ता मेघे के 89वें जन्मदिन पर अभिष्टचिंतन समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम अत्रे ले-आउट स्थित स्कूल ऑफ स्कॉलर्स में संपन्न हुआ। इस अवसर पर दत्ताभाऊ मेघे की पत्नी शालिनीताई मेघे, प्रसिद्ध गायक ‘भजन सम्राट’ अनुप जलोटा, पूर्व विधायक अशोक मानकर, प्रतिष्ठान के सचिव राजू मिश्रा, और पंजाबराव देशमुख कृषि विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति डॉ. शरद निंबालकर प्रमुख रूप से उपस्थित थे। गडकरी ने कहा, “दत्ताभाऊ के जीवन के 89 वर्षों का इतिहास कई लोगों ने करीब से देखा है। सीपी एंड बेरार स्कूल के एक गरीब परिवार का छात्र जो नागपुर में आईसक्रीम बेचता था, संघर्षों से गुजरते हुए अपना एक विश्व बनाता है। यह सबके लिए चमत्कारिक है। दत्ताभाऊ ने राजनीति और शिक्षा के क्षेत्र में ऊंची उड़ान भरी। इस सफलता को हासिल करते हुए उन्होंने समाज के दुखी और उपेक्षित वर्ग की हमेशा मदद की। उन्होंने सच्चे मित्र बनाए और सही समय पर अपनी जिम्मेदारियां अगली पीढ़ी को सौंप दीं, जो बेहद प्रशंसनीय है।” गडकरी ने उल्लेख किया कि दत्ताभाऊ मेघे की प्रेरणा से ही ज्येष्ठ नागरिक प्रतिष्ठान की स्थापना हुई। समारोह के बाद अनुप जलोटा के भजनों की महफिल भी सजी।











