नागपुर. चंद्रपुर जिले के घुग्घुस में कांग्रेस शहर अध्यक्ष राजू रेड्डी के घर पर अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग कर दहशत फैला दी। यह घटना 9 मार्च की रात करीब 8 बजे हुई। गनीमत रही कि इस हमले में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन इससे इलाके में भय का माहौल बन गया है। घुग्घुस शहर के तुकडोजी महाराज वार्ड में राजू रेड्डी अपने बड़े बेटे के साथ रहते हैं। रविवार रात को जब वे घर पर मौजूद थे, तभी मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उनके घर पर गोली चलाई। फायरिंग की आवाज सुनकर घर में रहने वाले किरायेदार बाहर निकले, तो उन्हें मौके पर गोली के खोखे मिले। बताया जा रहा है कि रेड्डी ने अपने मकान की ऊपरी मंजिल किराए पर दी हुई है। इस हमले के पीछे की वजह का अब तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और हमलावरों की तलाश की जा रही है। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।










