नागपुर. 13 नवंबर 2024 को हावड़ा-मुंबई गीतांजलि एक्सप्रेस में टिकट चेकिंग के दौरान दो कर्मचारियों ने बड़ी चतुराई का परिचय देते हुए एक यात्री के पास से 2 किलो गांजा बरामद किया। यह सफलता मिली जब टिकट चेकिंग स्टाफ के सदस्य श्री अजय रहाटे और श्री सतीश घोरपडे ने एक यात्री को संदिग्ध अवस्था में पाया और उसकी तलाशी ली। पैट पर बेल्ट के पट्टे में छुपाकर यात्री 2 किलो गांजा लेकर यात्रा कर रहा था। दोनों कर्मचारियों ने यह सामान रेलवे सुरक्षा बल के हवाले किया और इस अवैध गतिविधि के खिलाफ कार्रवाई की। वाणिज्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी श्री दिलीप सिंह ने इस सफलता की सराहना की और टिकट चेकिंग स्टाफ की तत्परता की तारीफ की। उन्होंने कहा कि इस तरह की सख्त कार्रवाई से रेलवे सुरक्षा और कानून व्यवस्था मजबूत होगी। यह कार्यवाही इस बात का उदाहरण है कि रेलवे कर्मचारी न केवल टिकट चेकिंग, बल्कि यात्री सुरक्षा और अवैध गतिविधियों की रोकथाम में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।










