नागपुर. नागपुर के राणाप्रतापनगर इलाके में एक किराना दुकान में जबरन चोरी की घटना सामने आई है। यह वारदात 7 अप्रैल 2025 को दोपहर 3:30 से 4:00 बजे के बीच की है, जब दुकान मालिक श्रीकृक्षा उमरकर आराम कर रहे थे और उनके पिता श्रीराम उमरकर दुकान पर मौजूद थे। घटना के समय, एक युवक तांदुल (चावल) खरीदने के बहाने दुकान में आया और थोड़ी देर बाद वापस आने की बात कहकर चला गया। तभी वह युवक अचानक दुकान के अंदर आया और गल्ले से सोने के आभूषण व नगदी मिलाकर कुल 3,39,500 रुपए की चोरी कर भाग गया। जब श्रीराम उमरकर ने उसे रोकने की कोशिश की, तो आरोपी ने उनके गाल पर थप्पड़ मारकर धक्का दे दिया और भाग निकला। फरियादी ने तुरंत शोर मचाया और देखा कि आरोपी नीले रंग की शर्ट, पैंट और शेंदरी दुपट्टा पहने हुए था और एक गुलाबी रंग की लेडीज साइकिल से श्रीनगर की ओर भाग रहा था। हालांकि पीछा करने पर भी वह फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर राणाप्रतापनगर पुलिस ने मामला दर्ज किया और तकनीकी जानकारी व गुप्त सूत्रों के आधार पर 20 वर्षीय सागर नरेंद्र तिवारी (निवासी: प्रभुनगर, जयताळा, नागपुर) को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके पास से चोरी किए गए आभूषण, नगदी और वारदात में इस्तेमाल की गई साइकिल मिलाकर कुल 3,35,940 रुपए का माल जब्त किया है। आरोपी को 8 अप्रैल 2025 की रात 1:59 बजे गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त, सह पुलिस आयुक्त, अपर पुलिस आयुक्त (दक्षिण विभाग), डीसीपी लोहीत मतानी, एसीपी अशोक शेलके, वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक पंकज बोंडसे के मार्गदर्शन में की गई। जांच दल में सपोनि अमोल तांबे, पोहवा एकनाथ पाटील, दिनेश भोगे, विशेषकुमार, अंकुश कनोजिया, अजय धुर्वे, निलीमा, अमित धनुसेवक और शुभागी शामिल थे।










