नागपुर. राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर मनोविज्ञान विभाग द्वारा ‘सुकून’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसके तहत विभाग के सभागार में ‘कामकाजी स्थान पर मानसिक स्वास्थ्य’ सहित मनोविज्ञान से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर बुधवार, 13 नवम्बर 2024 को एक चर्चा सत्र का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता विभाग प्रमुख डॉ. हिना खान ने की, जबकि कार्यक्रम का मार्गदर्शन माननीय प्रभारी कुलगुरु डॉ. प्रशांत बोकारे और प्रभारी प्र-कुलगुरु डॉ. राजेंद्र काकडे ने किया। ‘बात करने से ही होगा’ थीम पर आयोजित इस सत्र में मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. रवि ढवले, मनोवैज्ञानिक और सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. रुबीना अन्सारी, मनोवैज्ञानिक डॉ. सुमेधा वांखडे, और रतन टाटा महाराष्ट्र स्टेट स्किल्स मुंबई लैंग्वेज एंड स्किल कोर्सेस के प्रमुख श्री पंकज तावडे ने कामकाजी स्थान पर मानसिक स्वास्थ्य पर विद्यार्थियों को मार्गदर्शन किया। इसके साथ ही, नौकरी के दौरान आने वाले तनाव, कामकाजी स्थान पर उत्पीड़न और अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर वक्ताओं ने प्रकाश डाला। इस अवसर पर मनोविज्ञान विभाग के प्रमुख डॉ. हिना खान, डॉ. सुबोध बनसोड और अन्य शिक्षक भी उपस्थित थे। चर्चा सत्र के बाद गायक खुशाल भोयर ने सुरों से गीत प्रस्तुत किया। कार्यक्रम की सफलता के लिए विभाग के छात्रों ने महत्वपूर्ण प्रयास किए।










