नागपुर. राष्ट्रसंत तुकड़ोजी महाराज कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र में मैकगेल नॉगमैटिक्स प्रा. लि. के सहयोग से निर्मित अत्याधुनिक कौशल प्रशिक्षण केंद्र का आज उद्घाटन विभागीय आयुक्त एवं कैंसर रिलीफ सोसायटी की अध्यक्ष विजयलक्ष्मी बिदरी के हाथों संपन्न हुआ।इस अवसर पर मैकगेल नॉगमैटिक्स के निदेशक तारीत सरकार, कार्यकारी निदेशक रतुल चक्रवर्ती, सलाहकार अशोक धर्माधिकारी, कैंसर रिलीफ सोसायटी के उपाध्यक्ष अशोक कृपलानी तथा सचिव अनिल मालवीय प्रमुख रूप से उपस्थित थे। इस केंद्र का निर्माण कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत मैकगेल कंपनी द्वारा 1 करोड़ 4 लाख रुपये की लागत से किया गया है। अस्पताल की प्रशासनिक इमारत में वर्ष 2023 से इस केंद्र का निर्माण कार्य शुरू हुआ था। नवनिर्मित केंद्र में 100 छात्रों की क्षमता वाली दो आधुनिक कक्षाएँ, कैफेटेरिया, स्वच्छतागृह जैसी सभी मूलभूत सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई हैं। यह केंद्र मेडिकल एवं तकनीकी क्षेत्र में कौशलविकास हेतु एक महत्त्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। कार्यक्रम में तारीत सरकार ने प्रास्ताविक भाषण प्रस्तुत किया, जबकि अस्पताल के उपप्राचार्य डॉ. वी.के. शर्मा ने आभार प्रदर्शन किया।









