नागपुर: अंतरराष्ट्रीय सहकार वर्ष 2025 के उपलक्ष्य में महाराष्ट्र स्टेट हाउसिंग फायनान्स कॉर्पोरेशन लिमिटेड, मुंबई (नागपुर विभाग), नागपुर डिस्ट्रिक्ट को-ऑपरेटिव हाउसिंग फेडरेशन लिमिटेड, नागपुर एवं वर्धा डिस्ट्रिक्ट को-ऑपरेटिव हाउसिंग फेडरेशन लिमिटेड, वर्धा के संयुक्त तत्वावधान में नागपुर के अनुसया मंगल कार्यालय में विदर्भ स्तरीय सत्कार समारोह एवं सहकार क्षेत्र के पदाधिकारियों का भव्य मेलावा आयोजित किया गया। इस अवसर पर महाराष्ट्र राज्य के सहकार राज्यमंत्री डॉ. पंकज भोयर का भव्य सत्कार किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वसंतराव घुईखेडकर ने की। समारोह में प्रमुख अतिथि के रूप में महाराष्ट्र स्टेट हाउसिंग फायनान्स कॉर्पोरेशन लिमिटेड, मुंबई के पूर्व अध्यक्ष मुकुंदराव पन्नासे, राकेश पन्नासे, विनोद ढोणे, दीपकराव कोरपे, विभिन्न विभागों के निदेशकगण तथा प्रकाश रथकंटीवार उपस्थित थे। कार्यक्रम में विदर्भ क्षेत्र के विभिन्न सहकारी संस्थाओं एवं हाउसिंग सोसायटियों के प धिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित थे। अपने भाषण में वसंतराव घुईखेडकर ने कहा कि महाराष्ट्र राज्य सहकारी बैंक द्वारा यदि हमें ऋण सहायता मिले तो महाराष्ट्र स्टेट हाउसिंग फायनान्स कॉर्पोरेशन लिमिटेड के माध्यम से राज्य की कमजोर सहकारी एवं हाउसिंग सोसायटियों को आर्थिक संबल मिल सकता है। सहकार राज्यमंत्री डॉ. पंकज भोयर ने अपने संबोधन में कहा कि सहकार क्षेत्र की हाउसिंग सोसायटियों की दयनीय स्थिति को सुधारने के लिए वे सदैव प्रयासरत रहेंगे। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि अब तक जो उपेक्षा हुई है, उसकी भरपाई करने हेतु सहकार मंत्री के रूप में वे पूर्ण प्रयास करेंगे। कार्यक्रम में मुकुंदराव पन्नासे, राकेश पन्नासे एवं दीपकराव कोरपे ने भी अपने विचार रखे। मंत्री महोदय की उपस्थिति में सहकारी संस्थाओं एवं हाउसिंग सोसायटियों की विभिन्न समस्याओं एवं शिकायतों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम का प्रस्तावना भाषण विनोद ढोणे ने किया, संचालन सुरेश कोंगे ने संभाला तथा आभार प्रदर्शन नरेंद्र थुटे द्वारा किया गया।










