नागपुर. भगवान महावीर स्वामी के जन्मोत्सव के पावन अवसर पर श्री जैन सेवा मंडल एवं श्री दिगंबर जैन महासमिति के संयुक्त तत्वावधान में एक भाव निशुल्क हेल्थ चेकअप कैंप का आयोजन किया गया। यह शिविर 9 अप्रैल, बुधवार को प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक इंद्र भवन, मोटे मंदिर, नागपुर में आयोजित किया गया। शिविर में नागरिकों के स्वास्थ्य की जांच के लिए अनुभवी विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम मौजूद रही। अनंत हॉस्पिटल से डॉ. शिवमब चोपड़ा द्वारा हृदय रोग की जांच की गई, वहीं डॉ. पलक कुसुमाकर शाह ने नेत्र परीक्षण किया। दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. पल्लवी बालूरकर ने दांतों की जांच की। हड्डियों से संबंधित जांच डॉ. उज्जवल वानखेड़े द्वारा की गई। डॉ. पराग द्वारा बीपी, शुगर एवं हृदय की अन्य जांच की गई और जरूरतमंदों के लिए ईसीजी की सुविधा भी प्रदान की गई। इसके साथ ही एचसीजी हॉस्पिटल द्वारा माउथ कैंसर एवं ब्रेस्ट कैंसर की निशुल्क स्कैनिंग भी की गई, जिससे बड़ी संख्या में लाभार्थियों को समय रहते जांच और परामर्श मिल सका। यह शिविर पिछले 12 वर्षों से निरंतर आयोजित किया जा रहा है और इस बार भी समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। आयोजकों ने बताया कि इस शिविर का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है, ताकि समाज में रोगों की समय पर पहचान और रोकथाम संभव हो सके। श्री जैन सेवा मंडल ने सभी नागरिकों से इस पुनीत अवसर पर अपना सहयोग प्रदान करने एवं भविष्य में भी ऐसे आयोजनों का हिस्सा बनने की अपील की है।










