नागपुर. सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए शून्य सड़क दुर्घटना मृत्यु दर हासिल करने के उद्देश्य से अगले तीन वर्षों के लिए जिला-स्तरीय कार्य योजना तैयार करने और उसकी प्रभावी अमल की सख्त हिदायत मुख्य सचिव सुजाता सौनिक ने दी। नागपुर और अमरावती संभाग के सड़क सुरक्षा व दुर्घटना नियंत्रण उपायों की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव ने सेव लाइफ फाउंडेशन सहित विभिन्न संस्थाओं के साथ वर्ष 2028 तक की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। बैठक में सुजाता सौनिक ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और मृत्यु दर को शून्य तक लाने के लिए यातायात नियमों का सख्ती से पालन करवाना होगा। इस दौरान उन्होंने गति नियंत्रण के लिए अत्याधुनिक उपकरणों के उपयोग और दुर्घटनाओं के कारणों का पता लगाकर प्रभावी समाधान लागू करने पर जोर दिया। बैठक में संभागीय आयुक्त विजयलक्ष्मी बिदरी, पुलिस आयुक्त डॉ. रविंद्र सिंगल, विशेष पुलिस महानिरीक्षक डॉ. दिलीप भुजबळ, नक्सल अभियान के विशेष पुलिस महानिरीक्षक अंकित गोयल, जिलाधिकारी डॉ. विपिन इटनकर, परिवहन आयुक्त विवेक भिमनवार और सेव लाइफ फाउंडेशन के पीयूष तिवारी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को शुरुआती घंटे (गोल्डन ऑवर) में त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए सरकारी और निजी अस्पतालों को प्राथमिकता के साथ जोड़ा जाएगा। प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत घायलों को केंद्र सरकार की ओर से सात दिनों तक डेढ़ लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिलेगा। मुख्य सचिव ने कहा कि सुबह 6 से 10 बजे और शाम 6 से 9 बजे के दौरान सड़क दुर्घटनाएं ज्यादा होती हैं। इनसे बचाव के लिए राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों के साथ शहर के भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में संकेतक बोर्ड, स्पीड ब्रेकर और सड़क विभाजक लगाए जाएं। सड़क पर अतिक्रमण हटाने और अंधेरे वाले इलाकों में रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था की जाए। परिवहन आयुक्त विवेक भिमनवार ने जानकारी दी कि नागपुर-अमरावती क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं में औसतन 3% की कमी आई है। नागपुर के पुलिस अधीक्षक हर्ष पोद्दार ने बताया कि जिले में दुर्घटनाओं की संख्या में 2.22% की कमी आई है। वहीं, नागपुर शहर में 23 संवेदनशील दुर्घटनास्थलों में से 18 स्थानों पर आवश्यक सुधार के बाद दुर्घटनाओं में 75% तक की कमी आई है। बैठक में यह भी बताया गया कि परिवहन विभाग, जिला प्रशासन और स्थानीय निकायों के सहयोग से सड़क सुरक्षा को लेकर योजनाबद्ध तरीके से काम हो रहा है। संभागीय आयुक्त विजयलक्ष्मी बिदरी ने कहा कि










