नागपुर. मध्य रेल, नागपुर मंडल द्वारा 21 जनवरी, 2025 को दिव्यांगता जागरूकता और विशेष योग्यता वाले व्यक्तियों के साथ प्रभावी संवाद को लेकर एक विशेष संवेदीकरण प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया। यह सत्र रेलवे के फ्रंटलाइन और अन्य कर्मचारियों की संवेदनशीलता और कौशल को बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में शिव छत्रपति पुरस्कार विजेता पावरलिफ्टर श्री प्रवीण सोरटे और महाराष्ट्र राज्य अपंग कर्मचारी संगठन के प्रतिनिधि श्री विजय घोटमारे मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने दिव्यांग व्यक्तियों की चुनौतियों और रेलवे सेवाओं से उनकी अपेक्षाओं पर चर्चा की। दोनों विशेषज्ञों ने अपने अनुभव और सुझाव साझा करते हुए कर्मचारियों को दिव्यांग यात्रियों के प्रति अधिक सहानुभूति और जागरूकता विकसित करने की प्रेरणा दी। इस प्रशिक्षण सत्र में लगभग 200 रेलवे कर्मचारियों ने भाग लिया। सत्र में दिव्यांग यात्रियों की जरूरतों को बेहतर तरीके से समझने और उनके लिए रेलवे को अधिक समावेशी और सुलभ बनाने पर जोर दिया गया। यह पहल मध्य रेल की ओर से सभी यात्रियों के लिए सहानुभूति, समावेशिता और उत्कृष्ट सेवा की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। रेलवे ने इस कदम के माध्यम से सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति अपने समर्पण को भी रेखांकित किया।










