नागपुर. सामाजिक सुरक्षा विभाग, नागपुर पुलिस की अपराध शाखा ने प्रतिबंधित नायलॉन मांजा रखने और बेचने की योजना बना रहे दो आरोपियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पारडी पुलिस स्टेशन की सीमा में हुई इस छापेमारी में 2,86,500 रुपये का सामान जब्त किया गया है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दो युवक प्रतिबंधित नायलॉन मांजा का स्टॉक रखकर उसे बेचने की योजना बना रहे हैं। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए छापा मारा और बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित मांजा के साथ अन्य सामान बरामद किया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पर्यावरण संरक्षण अधिनियम 1986 की धारा 5 और 15 के तहत, साथ ही भारतीय दंड संहिता की धारा 223 के तहत मामला दर्ज किया है। जब्त सामग्री को आगे की जांच के लिए पारडी पुलिस स्टेशन को सौंप दिया गया है। सामाजिक सुरक्षा विभाग के पुलिस निरीक्षक ने बताया कि प्रतिबंधित नायलॉन मांजा न केवल पर्यावरण के लिए हानिकारक है, बल्कि यह मानव जीवन के लिए भी खतरनाक साबित हो सकता है। पुलिस ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई कर रही है और नागरिकों से अपील की है कि वे प्रतिबंधित सामग्रियों का इस्तेमाल न करें।










