नागपुर. नए साल के उपलक्ष्य में आमदार डॉ. आशिषराव र. देशमुख (कार्यकारी अध्यक्ष, लता मंगेशकर हॉस्पिटल) की पहल पर नागपुर के हिंगणा रोड स्थित लता मंगेशकर हॉस्पिटल में 31 दिसंबर 2024 से 20 जनवरी 2025 तक भर्ती मरीजों के लिए नि:शुल्क इलाज और ऑपरेशन की सुविधा प्रदान की जा रही है। इस दौरान, हॉस्पिटल के सभी विभागों के जनरल वार्ड में भर्ती मरीजों को बेड का खर्च, नर्सिंग चार्जेस और विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा जांच का शुल्क नहीं देना होगा। सभी प्रकार के ऑपरेशन, इलाज, रक्त जांच, एमआरआई, सीटी स्कैन, एक्स-रे, ईसीजी, 2-डी इको समेत अन्य सभी प्रकार की डायग्नोस्टिक जांचें नि:शुल्क होंगी। इसके अलावा, भर्ती मरीजों को प्रतिदिन दो समय का नि:शुल्क भोजन भी उपलब्ध कराया जाएगा। नि:शुल्क सेवाओं में दवाइयां, इम्प्लांट्स, लेंस, मेश, कॉन्ट्रास्ट, ऑपरेशन/जांच के उपकरण, ब्लड बैंक की सेवाएं, बाहरी जांचें, VAC मशीन, फिल्म और कैथलैब आदि शामिल नहीं होंगे। ओपीडी में आने वाले मरीजों का भी नि:शुल्क पंजीकरण किया जाएगा। सुबह 9 बजे से दोपहर 4 बजे तक सभी ओपीडी में विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा नि:शुल्क जांच और परामर्श दिया जाएगा। इस नि:शुल्क सेवा का लाभ उठाने की अपील हॉस्पिटल के अधिष्ठाता डॉ. सजल मित्रा और उप-अधिष्ठाता व चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नितीन देवस्थले ने की है।










