नागपुर. डॉ. बाबासाहब आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय विमानतल पर नई रनवे के निर्माण कार्य में हो रही देरी को लेकर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने संबंधित कंपनी को एक महीने के भीतर काम पूरा करने का अल्टीमेटम दिया है। गडकरी ने स्पष्ट कहा कि यदि काम समय पर पूरा नहीं हुआ, तो कार्रवाई की जाएगी। दिसंबर 2023 में विमानतल प्राधिकरण ने रनवे कारपेटिंग का टेंडर जारी किया था। इसके बाद 1 मई 2024 को के.जी. गुप्ता कंपनी को कार्यादेश दिया गया। हालांकि, अभी तक काम पूरा नहीं हो पाया है। इस देरी के कारण सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक नागपुर विमानतल पर उड़ानों का संचालन बंद रहता है। परिणामस्वरूप, हवाई टिकटों के दाम दोगुने-तीन गुने तक बढ़ गए हैं, जिससे नियमित यात्रियों को भारी परेशानी हो रही है। इन समस्याओं की शिकायतें मिलने पर 23 दिसंबर को नितिन गडकरी ने रनवे कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान विधायक मोहन मते, विमानतल सलाहकार समिति के सदस्य गिरधारी मंत्री, प्रकाश भोयर, दिलीप जाधव, मिहान की प्रबंध निदेशक स्वाति पांडे, विमानतल प्राधिकरण के अधिकारी और के.जी. गुप्ता कंपनी के प्रतिनिधि उपस्थित थे।कंपनी ने बताया कि मई 2024 में आदेश मिलने के बाद जून से सितंबर के बीच सर्वेक्षण किया गया और अक्टूबर 2024 से काम शुरू हुआ। हालांकि, कुछ कारणों से काम रुका रहा। 24 नवंबर से काम दोबारा शुरू किया गया, और पहली लेयर का 80% काम पूरा हो चुका है। दूसरी और तीसरी लेयर के काम को पूरा करने के लिए मई 2025 तक का समय चाहिए। काम की धीमी गति पर गडकरी ने नाराजगी जताते हुए कहा कि अगले पांच महीने तक आम जनता को टिकटों की महंगाई झेलना अनुचित है। उन्होंने अधिकारियों और कंपनी को एक महीने के भीतर काम पूरा करने का निर्देश दिया। यदि ऐसा नहीं हुआ, तो कठोर कार्रवाई के लिए तैयार रहने को कहा।










