नागपुर. क्राइम ब्रांच के एंटी ड्रग स्क्वाड ने देर रात पेट्रोलिंग के दौरान एक युवक से 59 ग्राम MD पाउडर बरामद किया। आरोपी की पहचान मानेपुरा चौक, कोतवाली निवासी यश दीपक इंगोले (22) के रूप में हुई है, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने उसके पास से MD पाउडर और मोबाइल समेत कुल 6.10 लाख रुपये का माल जब्त किया। सूचना मिलने पर पुलिस ने रात करीब 1.30 बजे मानेपुरा चौक पर फील्डिंग लगाई और यश को संदिग्ध हालत में घूमते हुए पकड़ा। पूछताछ के दौरान संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उसकी तलाशी ली गई, जिससे 59 ग्राम MD पाउडर बरामद हुआ। यश ने बताया कि यह माल उसे धीरज मलिक ने दिलाया था, जो गंगाबाई घाट का निवासी है और अभी फरार है। पुलिस ने मामला दर्ज कर धीरज की तलाश शुरू कर दी है। मामले की आगे की कार्रवाई कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दी गई है।










