नागपुर. सर्दी की बढ़ती ठंडक के बीच नागपुर में खासदार सांस्कृतिक महोत्सव-2024 का आयोजन 13 से 22 दिसंबर के बीच किया जाएगा। यह आयोजन हनुमाननगर स्थित ईश्वर देशमुख शारीरिक शिक्षण महाविद्यालय के मैदान पर होगा। इस महोत्सव में सुबह और शाम के सत्रों में धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति होगी। उत्सव का उद्घाटन 13 दिसंबर की शाम 6:30 बजे प्रसिद्ध अभिनेत्री और पद्मश्री पुरस्कार विजेता काजोल करेंगी। इसके बाद संस्कार भारती, नागपुर द्वारा ‘मैं भारत हूं’ कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा, जो भारतीय संस्कृति और लोकधारा को मंच पर जीवंत करेगा। 14 से 22 दिसंबर तक हर सुबह 7 से 8:30 बजे तक धार्मिक कार्यक्रम होंगे। इनमें हनुमान चालीसा, रामरक्षा स्तोत्र, सुंदरकांड पाठ जैसे आयोजनों का समावेश होगा। महोत्सव में शामिल होने के लिए क्यूआर कोड स्कैन कर नि:शुल्क पास प्राप्त किए जा सकते हैं। महोत्सव की आयोजन समिति ने नागपुरवासियों से कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है।
डॉ. कुमार विश्वास का कार्यक्रम ‘अपने-अपने राम’: 14 से 16 दिसंबर तक शाम 7 बजे डॉ. कुमार विश्वास का बहुचर्चित कार्यक्रम ‘अपने-अपने राम’ आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम के जरिए वे रामायण की विभिन्न व्याख्याओं को प्रस्तुत करेंगे और युवाओं को राम के आदर्श मार्ग पर प्रेरित करेंगे।
अभंगवारी और अभिजात मराठी: 17 दिसंबर को ‘अभंगवारी’ कार्यक्रम में 2000 वर्करी कलाकार नृत्य, संगीत और टाळ-मृदंग के साथ प्रस्तुति देंगे। 18 दिसंबर को ‘अभिजात मराठी’ कार्यक्रम में मराठी साहित्य, कला और संगीत को समर्पित प्रस्तुति होगी। इसमें अजित परब, मुग्धा वैशंपायन, सावनी रविंद्र, मृण्मयी देशपांडे जैसे प्रसिद्ध कलाकार भाग लेंगे।
चार लाइव कॉन्सर्ट्स: 19 से 22 दिसंबर तक चार लाइव कॉन्सर्ट आयोजित किए जाएंगे, 19 दिसंबर: वाद्य संगीत फ्यूजन कॉन्सर्ट, जिसमें निलाद्री कुमार, राकेश चौरसिया जैसे कलाकार शामिल होंगे।, 20 दिसंबर: भारत के पॉप रॉक बैंड ‘सनम बैंड’ की प्रस्तुति।, 21 दिसंबर: गायक उदित नारायण का कॉन्सर्ट।, 22 दिसंबर: विशाल मिश्रा का लाइव कॉन्सर्ट।










