नागपुर. विश्वेश्वरैया नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (वीएनआईटी), नागपुर का 22वां दीक्षांत समारोह 15 सितंबर, 2024 को भव्य रूप से संपन्न हुआ। इस समारोह में कुल 1225 छात्रों को डिग्रियां प्रदान की गईं, जिसमें बी.टेक, बी.आर्क, एम.टेक, एम.एससी और पीएच.डी. के छात्र शामिल थे। मुख्य अतिथि डॉ. विजय कुमार सारस्वत ने छात्रों को अनुसंधान और तकनीकी नवाचारों की महत्ता पर जोर देते हुए प्रेरित किया। इस समारोह में “सर विश्वेश्वरैया स्वर्ण पदक” यांत्रिकी अभियंत्रण विभाग के रोहित रमेश चौहान को उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए प्रदान किया गया। वीएनआईटी के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के अध्यक्ष माडाभूषि मदन गोपाल ने छात्रों को बधाई देते हुए उन्हें अनुसंधान और उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। निदेशक डॉ. प्रेमलाल पटेल ने संस्थान की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए छात्रों की उपलब्धियों पर गर्व व्यक्त किया। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग समाज और राष्ट्र की भलाई के लिए करें। समारोह का संचालन डॉ. मैथिली पैकने और डॉ. अभिषेक बनर्जी ने किया, और कुलसचिव प्रो. एस. आर. साठे ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ, जहां छात्रों ने राष्ट्र सेवा और वीएनआईटी की प्रतिष्ठा बनाए रखने की शपथ ली।










