नागपुर. पांडुरंगा क्रिएशन और सूरभक्ती संगीत द्वारा आयोजित श्रीकृष्ण गीत गवळन संध्या का तीसरा भाग कविवर्य सुरेश भट सभागृह, रेशीमबाग में सफलता पूर्वक सम्पन्न हुआ। यह भव्य आयोजन श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर प्रत्येक वर्ष आयोजित किया जाता है, और इस वर्ष भी यह आयोजन बेहद उत्साह और श्रद्धा के साथ किया गया।
कार्यक्रम में 25 कलाकारों ने हिंदी और मराठी के कृष्णभक्ति गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। संध्या की शुरुआत से ही पूरे सभागृह में भक्ति और श्रद्धा का वातावरण बना रहा। इस कार्यक्रम का आयोजन पांडुरंगा क्रिएशन और सूरभक्ती संगीत के अध्यक्ष कुणाल पांडे द्वारा किया गया। इस भव्य आयोजन में शहर के गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही, जिनमें दक्षिण नागपुर के विधायक मोहन मते की पत्नी सविता मते और नगरसेविका दिव्या धुरडे विशेष रूप से सम्मिलित थीं।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी दर्शकों ने इस भक्ति संध्या का भरपूर आनंद लिया और इसे बेहद सराहा। यह आयोजन न केवल एक संगीत संध्या था, बल्कि श्रद्धालुओं के लिए एक अद्भुत आध्यात्मिक अनुभव भी था, जिसने सभी को श्रीकृष्ण भक्ति में सराबोर कर दिया।












