नागपुर. महावितरण के नागपुर परिमंडल में राष्ट्रीय लाइनमैन दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर नेत्रदान शिविर, लाइनमैन मेले, सुरक्षा कार्यशालाएं और अन्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। विभिन्न विभागों में आयोजित इन उपक्रमों के माध्यम से परिमंडल के जनमित्रों का सम्मान किया गया। महावितरण के जनमित्र, जिन्हें आमतौर पर लाइनमैन के रूप में जाना जाता है, बिजली वितरण प्रणाली की रीढ़ होते हैं। बिना किसी मौसम की परवाह किए, कठिन परिस्थितियों में भी वे ग्राहकों को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए दिन-रात कार्यरत रहते हैं। उनके कार्य में गलती की कोई गुंजाइश नहीं होती, क्योंकि एक छोटी सी चूक उनके जीवन के लिए घातक हो सकती है। उनके समर्पण और सेवाओं को सम्मानित करने के लिए देशभर में हर साल लाइनमैन दिवस मनाया जाता है। इस अवसर पर महावितरण के सिविल लाइंस विभाग द्वारा जनमित्र मेले का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अभियंता दिलीप दोडके की प्रमुख उपस्थिति रही। उन्होंने सभी कर्मचारियों से बिजली आपूर्ति में सुरक्षा उपायों का पालन करने की अपील की। इस दौरान अधीक्षण अभियंता अमित परांजपे, कार्यकारी अभियंता राजेश घाटोले समेत अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में जनमित्र उपस्थित थे। इस कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों द्वारा जनमित्रों का सम्मान किया गया। गांधीबाग विभाग द्वारा रौशनी फाउंडेशन और माधव नेत्रालय के सहयोग से नेत्रदान जागरूकता एवं नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर में 104 अधिकारियों और कर्मचारियों की आंखों की जांच की गई, जबकि 11 कर्मचारियों ने नेत्रदान का संकल्प लिया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता कार्यकारी अभियंता राहुल जीवतोडे ने की। इसी तरह, नंदनवन उपविभाग में प्रसिद्ध समाजसेवी ज्ञानेश्वर रक्षक ने राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज और अन्य संतों द्वारा सिखाए गए मानव मूल्यों पर प्रकाश डालते हुए जनमित्रों को सुरक्षा उपायों का पालन करने का आह्वान किया। कुही उपविभाग में इंटर-डिवीजन क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया, जबकि वर्धा विभाग में कैरम और टर्फ क्रिकेट प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस दौरान जिला विद्युत निरीक्षक ने कर्मचारियों को सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की। इस अवसर पर अधीक्षण अभियंता स्मिता पारखी, कार्यकारी अभियंता स्वप्निल गोतमारे समेत अधिकारी व कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित थे। राष्ट्रीय लाइनमैन दिवस के उपलक्ष्य में काटोल, उमरेड, बुटीबोरी, आर्वी सहित त्रिमूर्तीनगर, शंकरनगर, हुडकेश्वर, भिवापुर, हिंगना, कोढ़ाली, आर्वी शहर, आष्टी उपविभाग और अन्य कार्यालयों में भी विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर जनमित्रों के कार्यों को सम्मानित किया गया।










