नागपुर. अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर अशोक गौर फैंस क्लब और पंचशील सिनेमा के संयुक्त तत्वावधान में महिलाओं के लिए विशेष शो का आयोजन किया गया, जिसमें देशभर में चर्चित ऐतिहासिक मराठी फिल्म ‘छावा’ दिखाई गई। इस विशेष शो में सैकड़ों महिलाओं ने भाग लिया और छत्रपति संभाजी महाराज के त्याग और पराक्रम की गाथा देखी। फिल्म के दौरान महिलाओं ने महारानी येसूबाई और राजमाता जिजाऊ के जयघोष से सिनेमाघर को गुंजायमान कर दिया। कार्यक्रम की शुरुआत में महिलाओं का गुलाब के फूल और हल्दी-कुंकुम तिलक से स्वागत किया गया। इसके बाद सभी महिलाओं ने एक-दूसरे को गले लगाकर महिला दिवस की शुभकामनाएं दीं। महिला दिवस के इस खास मौके पर ‘छावा’ फिल्म के जरिए महिलाओं ने इतिहास को याद किया और इसे विशेष रूप से मनाया। इस आयोजन को सफल बनाने में पंचशील सिनेमा के डायरेक्टर प्रतीक मुन्नोत, प्रमोद मुन्नोत, जनरल मैनेजर राजा लहेरिया, रोहित जयस्वाल, आशिष मोते, सुरेश पटेल, पूजा लोंगे और संपर्क प्रमुख सन्नी भोंगाड़े ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। गौरतलब है कि अशोक गौर फैंस क्लब ने ‘छावा’ फिल्म की रिलीज के दिन भी मराठा समाज के लोगों के लिए स्काय लाइट सिनेमाघर में निशुल्क शो का आयोजन किया था।










