Nagpur. दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल में वर्ष 2024-25 और 2025-26 की मंडल रेल उपभोक्ता सलाहकार समिति की प्रथम बैठक दिनांक 16 जनवरी 2025 को मंडल रेल प्रबंधक श्री दीपक कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री एस. पी. चंद्रिका पुरे, मुख्य परियोजना प्रबंधक श्री ए. के. सूर्यवंशी, समिति के सचिव एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री दिलीप सिंह, तथा मंडल के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इस बैठक में समिति के सदस्य सुदीप जैन, लक्ष्मीचंद रोचवानी, हरीश अग्रवाल, विनोद चांदवानी, रितेश अग्रवाल, अरविंद नांदुरकर, जयप्रकाश तिवारी, सहित अन्य सदस्य शामिल हुए। बैठक की शुरुआत में मंडल रेल प्रबंधक श्री दीपक कुमार गुप्ता ने सभी नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि समिति यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने नागपुर मंडल की उपलब्धियों और यात्री सुविधाओं में सुधार के लिए जारी प्रयासों का विवरण दिया। इनमें माल लदान, टिकट चेकिंग, संरक्षा और सुरक्षा कार्यों के साथ-साथ अमृत स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं के विकास की जानकारी दी. उन्होंने नागपुर-बिलासपुर वंदे भारत ट्रेन के समय में बदलाव, नागपुर-इंदौर वंदे भारत ट्रेन के कनेक्टिविटी सुझाव, और तीसरी लाइन परियोजना के शीघ्र पूर्ण होने का आश्वासन दिया।
सदस्यों के सुझाव
सदस्यों ने यात्री सुविधाओं और व्यापार से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए, जिनमें शामिल हैं:
नैनपुर में पैसेंजर गाड़ियों का संचालन पुनः शुरू करना।
दिव्यांगों के लिए बैटरी चालित व्हीलचेयर की व्यवस्था।
प्लेटफॉर्म विस्तार और एक्सप्रेस गाड़ियों के ठहराव की मांग।
नागपुर-इंदौर वंदे भारत ट्रेन की कनेक्टिविटी सुधार।
बालाघाट, गोंदिया और डोंगरगढ़ स्टेशनों पर लिफ्ट, एस्केलेटर, और डॉक्टर एवं एंबुलेंस की सुविधा।
छिंदवाड़ा-इंदौर ट्रेन में एसी कोच की संख्या बढ़ाना।
नागपुर-बिलासपुर वंदे भारत के समय में बदलाव।
गोंदिया-रायपुर और गोंदिया-नागपुर लोकल ट्रेनों का संचालन पुनः शुरू करना।
वडसा रेलवे स्टेशन पर अधिक गाड़ियों का ठहराव।
समिति का आश्वासन
मंडल रेल प्रबंधक ने सभी सुझावों पर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए हर संभव प्रयास करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। बैठक के अंत में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री दिलीप सिंह ने सभी अधिकारियों और सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सभा का सफल संचालन किया।










