नागपुर. अपनी वार्षिक परंपरा के अनुसार प्रहार समाज जागृति संस्था ने देश की निःस्वार्थ रक्षा करने वाले हमारे बहादुर सैनिकों के अटूट समर्पण और बलिदान का सम्मान करते हुए सीमा पर तैनात सैनिकों को राखियां भेजीं। शुक्रवार को चिटणवीस सेंटर स्थित बॅनियन हॉल में आयोजित ‘सैनिकों के लिए राखी’ कार्यक्रम का उद्देश्य वर्दी में पुरुषों और महिलाओं के प्रति आभार और एकजुटता व्यक्त करना था। इस देशभक्ति से भरे समारोह में सेना डाक सेवा के मेजर जनरल अतिरिक्त जनरल महानिदेशक एम.के. खान वी एस एम, सेना डाक सेवा केंद्र, कामठी की विंग कमांडर कर्नल लवलिना, प्रहार समाज जागृति संस्था की सचिव फ्लाइट लेफ्टिनेंट शिवाली देशपांडे,और विभिन्न संगठनों के प्रमुखों ने प्रहार संस्था के ट्रस्टियों के साथ भाग लिया। नागपुर में मुख्य रूप से संस्थानों, स्कूलों, कॉलेजों द्वारा मुख्य अतिथियों को राखियां भेंट की गईं।
राष्ट्र प्रहरियों का होगा सम्मान
गांधी शांति मिशन की ओर से अगस्त क्रांति दिवस 9 से 15 अगस्त तक विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर अलग-अलग श्रेणियों में विविध क्षेत्रों के सेवा कर्मियों को सम्मानित किया जाएगा। इसमें शहीदों के जन्मदाता परिवार माता पिता, सेना के जवान, पुलिस जवान, पत्रकार, एसआरपी, सीआईडी, क्राइम ब्रांच, अन्नदाता, इलेक्ट्रिक लाइनमैन, फायर ब्रिगेड, संस्कार, शिक्षा, विज्ञान, सफाई कर्मचारी, नर्स, एंबुलेंस सेवा, शव वाहक कर्मचारी, डॉक्टर, न्यायव्यवस्था, इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट आदि क्षेत्र में काम करने वाले राष्ट्र के प्रहरियों को सम्मानित किया जाएगा। 9 अगस्त को तहसील पुलिस थाने में पुलिस अधिकारी व कर्मचारियों का सम्मान कर कार्यक्रम की शुरुआत होगी। सभी को सम्मान पत्र के साथ विशिष्ट जनों को तिरंगा अवार्ड प्रदान किया जाएगा।











