नागपुर. महाराष्ट्र पुलिस स्थापना सप्ताह 2025 के तहत आज नागपुर पुलिस आयुक्तालय द्वारा वरिष्ठ नागरिक शिकायत निवारण मेला आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम पुलिस आयुक्त डॉ. रविंद्र कुमार सिंगल की संकल्पना के तहत ऑडिटोरियम हॉल, पुलिस भवन, नागपुर में शाम 4 बजे आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं को समझना, उनके समाधान हेतु मार्गदर्शन करना और माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिक भरण-पोषण एवं कल्याण अधिनियम 2007 के प्रावधानों की जानकारी देना था। कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों और विभिन्न वरिष्ठ नागरिक संगठनों के सदस्यों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। कार्यक्रम का प्रास्ताविक अपर पुलिस आयुक्त (अपराध) श्री संजय पाटील ने किया। उन्होंने मेले के उद्देश्यों और अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी। वरिष्ठ नागरिकों को अधिनियम की विस्तृत जानकारी देने के लिए प्रसिद्ध अधिवक्ता मनीष गुप्ता और उनकी टीम ने महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश साझा किए। डॉ. रविंद्र कुमार सिंगल, पुलिस आयुक्त नागपुर, ने उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों को अधिनियम की प्रमुख धाराओं और उनके अधिकारों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने भरोसा सेल नागपुर और संबंधित पुलिस थानों की सहायता लेने की अपील की। हेल्पलाइन नंबर 112 और 100 का उपयोग करके सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया भी समझाई। कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिक शिकायत प्राधिकरण के सुरेश बगड़े ने भरण-पोषण भत्ता अर्जित करने की प्रक्रिया और कानूनी उपायों की जानकारी दी। पुलिस आयुक्त डॉ. सिंगल के पिता, झील सिंगल ने भी नागरिकों को जीवन को सकारात्मकता और खुशी के साथ जीने का संदेश दिया। कार्यक्रम में सहायक पुलिस आयुक्त निसार तांबोली, अपर पुलिस आयुक्त श्री प्रमोद शेवाले, शिवाजी राठौड़, और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान 24 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 3 का तत्काल निपटारा किया गया और शेष पर कार्रवाई जारी है। कार्यक्रम का संचालन भरोसा सेल की महिला पुलिस निरीक्षक सीमा सुर्वे ने किया और धन्यवाद ज्ञापन अभिजीत पाटील (सहायक पुलिस आयुक्त) ने किया। संपूर्ण कार्यक्रम अपर पुलिस आयुक्त संजय पाटील के मार्गदर्शन और भरोसा सेल की टीम के प्रयासों से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।










