मुंबई. नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के साथ नागपुर और शिर्डी हवाई अड्डों का कार्य तेज गति से करते हुए निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दिए। सह्याद्री गेस्ट हाउस में आयोजित राज्य के सभी हवाई अड्डों के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने यह निर्देश दिए। इस बैठक में केंद्रीय सहकार और नागर विमानन राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोळ प्रमुख रूप से उपस्थित थे। मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि विमानन क्षेत्र तेजी से बढ़ रहा है। केंद्र और राज्य सरकार के लिए इस क्षेत्र में आवश्यक बुनियादी ढांचे का निर्माण करना बहुत महत्वपूर्ण है। देश 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था की ओर बढ़ रहा है, और विमानन क्षेत्र इसमें एक अहम भूमिका निभा रहा है। महाराष्ट्र देश का ग्रोथ इंजन है, इसलिए इस क्षेत्र में विस्तार और विकास के लिए व्यापक कदम उठाने की जरूरत है। उन्होंने निर्देश दिया कि सोलापुर और कोल्हापुर एयरपोर्ट्स पर नाइट लैंडिंग की सुविधा की योजना बनाई जाए। शिर्डी में नाइट लैंडिंग की सुविधा तुरंत शुरू की जाए और नागपुर तथा शिर्डी एयरपोर्ट्स से संबंधित लंबित मुद्दे 31 मार्च तक हल किए जाएं। जळगांव में नया टर्मिनल भवन तैयार करने और पुरंदर एयरपोर्ट के लिए भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया जल्द शुरू करने की बात कही। पालघर एयरपोर्ट के निर्माण के लिए प्रक्रिया तेज करने के भी निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि वधावण पोर्ट केंद्र और राज्य सरकार का एक महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट होगा। यह दुनिया के शीर्ष 10 बंदरगाहों में से एक होगा और देश की सबसे बड़ी व्यापारिक गतिविधियां यहां से संचालित होंगी। इस क्षेत्र में बुलेट ट्रेन और कोस्टल रोड परियोजनाएं भी प्रस्तावित हैं। यहां चौथी मुंबई बनने जा रही है, इसलिए वधावण में नए एयरपोर्ट के निर्णय को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि इस प्रोजेक्ट का 85% काम पूरा हो चुका है। यह हवाई अड्डा मुंबई हवाई अड्डे की तुलना में दोगुनी क्षमता वाला होगा। इसके निर्माण में आधुनिक तकनीक का उपयोग किया जाए और निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से इसे पूरा किया जाए। राज्य के 11 हवाई अड्डों की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने बताया कि अमरावती में एयर इंडिया की फ्लाइंग अकादमी शुरू की जाएगी, जो एशिया की सबसे बड़ी फ्लाइंग अकादमी होगी। मुख्यमंत्री ने उन हवाई अड्डों पर नाइट लैंडिंग सुविधा के बावजूद आ रही दिक्कतों का समाधान करने और वर्षों से लंबित निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर नवी मुंबई और नागपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों की प्रगति, लंबित कार्य, अनुमतियों, आर्थिक पहलुओं और भूमि अधिग्रहण जैसे मुद्दों पर विस्तृत प्रस्तुति दी गई। बैठक में नागर विमानन मंत्रालय की सह सचिव रुबिना अली, असंगबा चुबा एओ, सह निदेशक नयोनिका दत्ता, जे. टी. राधाकृष्ण, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के अधिकारी फैज अहमद किडवाई, सिडको के प्रबंध निदेशक विजय सिंघल और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।











